ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में बदलेगा मौसम: 50KM रफ्तार से चलेगा अंधड़, गरज-चमक के साथ बारिश के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में अगले 5 दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रहने वाला है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई इलाकों में तेज अंधड़, गरज-चमक और हल्की बारिश की संभावना जताई है। अगले 24 घंटे के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक, इस बदलाव का तापमान पर ज्यादा असर नहीं पड़ेगा। उल्टा आने वाले दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। पिछले 24 घंटों में भी तापमान में करीब 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

प्रदेश के कुछ इलाकों में मंगलवार को हल्की से मध्यम बारिश हुई। चारामा में सबसे ज्यादा 30 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि गरियाबंद में 10 मिमी वर्षा दर्ज हुई। हालांकि बारिश के बावजूद गर्मी और उमस से लोगों को ज्यादा राहत नहीं मिली है।

फिलहाल राजनांदगांव प्रदेश का सबसे गर्म जिला बना हुआ है, जहां अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं पेंड्रा रोड में न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो प्रदेश में सबसे कम रहा।

राजधानी रायपुर में भी मौसम बदला-बदला नजर आ सकता है। दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है। शाम या रात के समय गरज-चमक के साथ हल्की बारिश या बौछार पड़ सकती है। मौसम विभाग ने रायपुर का अधिकतम तापमान 40 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान जताया है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और नमी के प्रभाव से प्रदेश में यह स्थिति बनी हुई है। तेज हवाओं और आकाशीय बिजली को देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।

Related Articles

Back to top button