संदेशखाली में सुरक्षाबलों पर फायरिंग, 5 घायल; कोलकाता में TMC ऑफिस पर बुलडोजर

दिल्ली। पश्चिम बंगाल में चुनाव नतीजों के बाद हिंसा तेज हो गई है। नॉर्थ 24 परगना के संदेशखाली के बामनघेरी इलाके में बुधवार रात गश्त कर रही पुलिस और केंद्रीय बलों पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया।
हमलावरों ने फायरिंग की, जिसमें 5 सुरक्षाकर्मी घायल हो गए। घायलों में नाजाट थाने के ऑफिसर-इन-चार्ज, एक कांस्टेबल, एक महिला पुलिसकर्मी और केंद्रीय बलों के दो जवान शामिल हैं।
सभी को पहले स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, बाद में कोलकाता रेफर किया गया। घटनास्थल से बम से भरा एक बैग भी बरामद हुआ है, जिससे इलाके में दहशत बढ़ गई है।
इधर, कोलकाता के न्यू मार्केट इलाके में भी हिंसा भड़क उठी। भीड़ ने TMC के पार्टी ऑफिस पर बुलडोजर चला दिया और आसपास की दुकानों में तोड़फोड़ की।
TMC ने आरोप लगाया कि भाजपा समर्थकों ने झंडे लेकर हमला किया और दफ्तर को नुकसान पहुंचाया। दक्षिण 24 परगना के आमतला में अभिषेक बनर्जी के ऑफिस में भी पथराव और तोड़फोड़ हुई, जबकि जगतबल्लभपुर में TMC कार्यालय में आगजनी की घटना सामने आई है।
राज्य के कई जिलों हावड़ा, सिलीगुड़ी और बहरामपुर में भी TMC दफ्तरों पर हमले और आगजनी की खबरें हैं। चुनाव आयोग ने इन घटनाओं पर रिपोर्ट तलब कर सुरक्षा कड़ी करने के निर्देश दिए हैं।
वहीं, तमिलनाडु की राजनीति में भी हलचल तेज है। सूत्रों के मुताबिक कांग्रेस ने अभिनेता विजय की पार्टी TVK को समर्थन देने का फैसला किया है।
234 सदस्यीय विधानसभा में TVK को सरकार बनाने के लिए अभी 11 विधायकों की जरूरत है। ऐसे में कांग्रेस समेत अन्य दलों का समर्थन निर्णायक साबित हो सकता है।
कुल मिलाकर, पांच राज्यों के चुनाव परिणाम आने के बाद देश के कई हिस्सों में राजनीतिक तनाव और अस्थिरता का माहौल बना हुआ है।





