PM मोदी ने की मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक: कहा- मिलकर काम करें; देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा

दिल्ली। पश्चिम एशिया में जारी ईरान युद्ध के चार हफ्ते बीतने के बाद, इसके वैश्विक और घरेलू प्रभावों को देखते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक उच्च स्तरीय वर्चुअल बैठक की। पीएम ने स्पष्ट संदेश दिया कि इस संकट की घड़ी में सभी राज्य ‘टीम इंडिया’ की तरह एकजुट होकर काम करें।
लॉकडाउन की अफवाहों पर विराम
बैठक में प्रधानमंत्री ने देशवासियों को आश्वस्त किया कि घबराने की आवश्यकता नहीं है। सरकार के तीन वरिष्ठ मंत्रियों—किरेन रिजिजू, हरदीप सिंह पुरी और निर्मला सीतारमण— ने स्पष्ट रूप से कहा कि देश में लॉकडाउन नहीं लगेगा। पीएम ने कहा कि हमारी प्राथमिकता अर्थव्यवस्था, ऊर्जा सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा है।
तैयारियों की समीक्षा और निर्देश
प्रधानमंत्री ने मुख्यमंत्रियों को सप्लाई चेन सुचारू रखने और जमाखोरी करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में पेट्रोलियम मंत्रालय ने पुष्टि की है कि देश में 2 महीने का कच्चा तेल भंडार मौजूद है और घरेलू LPG उत्पादन में 40% की बढ़ोतरी की गई है। मुख्यमंत्रियों ने केंद्र द्वारा तेल पर एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले का स्वागत किया। युद्ध की स्थिति पर नजर रखने के लिए रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की अध्यक्षता में एक कोर ग्रुप बनाया गया है, जिसमें अमित शाह और निर्मला सीतारमण भी शामिल हैं।
विपक्ष ने उठाए सवाल
जहाँ सरकार तैयारियों का दावा कर रही है, वहीं विपक्ष ने पीएम के बयानों पर सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे ने कोविड काल की याद दिलाते हुए सरकार को घेरा और बढ़ती महंगाई व ऊर्जा संकट पर चिंता जताई।





