आज से पांच बड़े बदलाव: गैस सिलेंडर सस्ता, हवाई यात्रा महंगी, UPI पर नई लिमिट लागू

दिल्ली। 1 अगस्त से देशभर में पांच बड़े बदलाव लागू हो गए हैं, जो आम लोगों की जेब और रोजमर्रा की सुविधाओं पर सीधा असर डालेंगे। सबसे बड़ा फायदा कॉमर्शियल गैस सिलेंडर सस्ता होने से मिलेगा, वहीं हवाई यात्रा करना महंगा हो सकता है। इसके अलावा UPI लेनदेन के नियमों में भी बड़ा बदलाव किया गया है।
गैस सिलेंडर सस्ता: आज से 19 किलो वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत ₹34.50 तक घट गई है। दिल्ली में यह सिलेंडर ₹33.50 सस्ता होकर ₹1631.50 में मिलेगा। कोलकाता में इसकी कीमत ₹1769 हो गई है। हालांकि, घरेलू सिलेंडर के दामों में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
UPI पर नई लिमिट: अब किसी एक UPI एप से दिनभर में केवल 50 बार ही बैलेंस चेक किया जा सकेगा। इसके अलावा ऑटो-पे ट्रांजैक्शन सुबह 10 से दोपहर 1 और शाम 5 से रात 9:30 बजे तक प्रोसेस नहीं होंगे। अटके हुए पेमेंट का स्टेटस सिर्फ 3 बार ही चेक कर सकेंगे और हर बार 90 सेकेंड का अंतर जरूरी होगा।
क्रेडिट कार्ड इंश्योरेंस बंद: SBI ने 11 अगस्त से ELITE और PRIME जैसे कुछ को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड्स पर मिलने वाला फ्री एयर एक्सीडेंट इंश्योरेंस बंद कर दिया है। पहले ये कवर 50 लाख से 1 करोड़ तक का मिलता था।
हवाई सफर महंगा: एविएशन टर्बाइन फ्यूल (ATF) के दाम 2677.88 रुपए बढ़ाकर ₹92,021.93 प्रति 1000 लीटर कर दिए गए हैं। इससे फ्लाइट टिकट महंगे हो सकते हैं।
ब्याज दरों में कटौती की संभावना: RBI की 4 से 6 अगस्त तक बैठक है। संभावना है कि रेपो रेट में 0.25% की कटौती की जा सकती है, जिससे लोन और EMI सस्ते हो सकते हैं।