StateNews

ठंडी हवाओं ने उत्तर भारत में गिराया पारा, बर्फबारी जारी

दिल्ली। दिल्ली सहित उत्तर भारत के अधिकांश हिस्सों में ठंडी हवाओं ने पारा गिरा दिया है। हिमाचल प्रदेश के ऊपरी इलाकों और जम्मू-कश्मीर में लगातार बर्फबारी हो रही है, जिसके चलते निचले इलाकों में भी बर्फबारी हुई, जो अब पिघल रही है। इसके कारण ठंडी हवाओं का असर उत्तर भारत पर देखने को मिल रहा है।

दिल्ली-एनसीआर, यूपी और हरियाणा में तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी ठंडी हवाओं का प्रभाव जारी रहेगा। दिन में तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है, जबकि रात का तापमान 12 डिग्री सेल्सियस तक रहेगा।

पश्चिमी विक्षोभ से यूपी में ठंडी हवाओं का असर

पश्चिमी विक्षोभ के कारण यूपी में पहाड़ों से ठंडी हवाएं आ रही हैं, जिससे अलीगढ़, मथुरा, आगरा, सहारनपुर, मेरठ समेत अन्य जिलों में तापमान में गिरावट आई है। सुबह और रात के समय बर्फीली हवाओं ने लोगों को गर्म कपड़े पहनने पर मजबूर कर दिया है। मौसम विभाग ने बताया कि शुक्रवार को भी ठंडी हवाओं का असर जारी रहेगा।

राजस्थान में बढ़ेगी गर्मी

राजस्थान में ठंडी हवाओं के कारण दिन का तापमान सामान्य से ठंडा रहा है, लेकिन मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक-दो दिनों में जयपुर, उदयपुर समेत अन्य शहरों में गर्मी बढ़ने लगेगी।

उत्तराखंड में शुष्क मौसम

उत्तराखंड में मौसम शुष्क बना हुआ है, और पहाड़ों से लेकर मैदान तक चटख धूप खिल रही है। इससे अधिकतम तापमान में तेजी से वृद्धि हो रही है। देहरादून का तापमान 24 घंटे में तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ गया है। हालांकि, न्यूनतम तापमान सामान्य से कम रहने के कारण सुबह और शाम में ठिठुरन बनी हुई है। पहाड़ों में बर्फ पिघलने के बाद निचले इलाकों में सर्द हवाएं ठिठुरन को बढ़ा रही हैं।

Related Articles

Back to top button