ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम हेल्पलाइन पर 2.31 लाख शिकायतें, 88.85% का निराकरण

2.05 लाख से ज्यादा शिकायतें सुलझीं; किसी को आवास की किस्त मिली, तो 9 महीने से रुकी पेंशन भी शुरू हुई

रायपुर। छत्तीसगढ़ में सीएम हेल्पलाइन 1076 पर 4 महीने में 2.31 लाख से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुई हैं। इनमें से 88.85% यानी 2.05 लाख से अधिक शिकायतों का निराकरण किया जा चुका है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को नवा रायपुर स्थित हेल्पलाइन कार्यालय में समीक्षा के दौरान इन आंकड़ों को उत्साहजनक बताया। उन्होंने कहा कि शिकायतों का समाधान केवल आंकड़ों तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि लोगों को वास्तविक राहत मिलनी चाहिए।

9 जून से 15 अक्टूबर 2026 तक हेल्पलाइन पर कुल 2 लाख 31 हजार 850 शिकायतें दर्ज की गईं। इनमें से 2 लाख 5 हजार 996 का निराकरण हुआ, जबकि 25 हजार 854 शिकायतों पर कार्रवाई जारी है। हेल्पलाइन पर रोजाना औसतन 1500 से 2000 शिकायतें मिल रही हैं।

ट्रांसफॉर्मर बदला, 80 से ज्यादा परिवारों को राहत

समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने शिकायतकर्ताओं से सीधे बात कर समाधान का फीडबैक लिया। गरियाबंद जिले के मैनपुर क्षेत्र के दमन साहू ने बताया कि गांव का ट्रांसफॉर्मर खराब होने से 80 से 85 परिवारों की बिजली आपूर्ति प्रभावित थी। हेल्पलाइन पर शिकायत के करीब एक सप्ताह के भीतर नया ट्रांसफॉर्मर लगा दिया गया और बिजली बहाल हो गई।

जशपुर जिले के बगीचा निवासी वीरेंद्र यादव ने बताया कि प्रधानमंत्री आवास योजना की दूसरी किस्त के लिए शिकायत करने के करीब 10 दिन बाद उनके खाते में 55 हजार रुपए आए। वहीं, मुंगेली जिले के करही गांव के तोरण साहू की शिकायत के बाद उनकी मां की 9 महीने से बंद पेंशन दोबारा शुरू हुई और लंबित राशि का भुगतान भी किया गया।

बार-बार आने वाली शिकायतों के कारण तलाशें

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का विभागवार और जिलावार विश्लेषण कर बार-बार सामने आने वाली समस्याओं के मूल कारणों की पहचान की जाए। उन्होंने कहा कि अच्छा काम करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाए और लापरवाही पर जवाबदेही तय हो।

साय ने बस्तर सहित दूरस्थ क्षेत्रों में हेल्पलाइन का प्रचार बढ़ाने के निर्देश भी दिए। ग्राम पंचायतों, उचित मूल्य दुकानों और कॉमन सर्विस सेंटरों में वॉल पेंटिंग सहित अन्य माध्यमों से 1076 की जानकारी लोगों तक पहुंचाई जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि हेल्पलाइन शासन और जनता के बीच विश्वास मजबूत करने का माध्यम है।

Related Articles

Back to top button