यूथ कांग्रेस प्रत्याशी पर डिलीवरी बॉय को पीटने का आरोप: भिलाई में कपड़े उतारकर मारपीट का वीडियो वायरल; पुलिस ने दर्ज किया केस

दुर्ग। भिलाई में यूथ कांग्रेस के चुनाव को लेकर चल रही खींचतान के बीच दुर्ग ग्रामीण जिला अध्यक्ष पद के प्रत्याशी अमन सिंह विवादों में घिर गए हैं। अमन सिंह और उनके साथियों पर पिज्जा डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करने का आरोप है।
घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में डिलीवरी बॉय के कपड़े उतरे हुए दिखाई दे रहे हैं और कुछ युवक उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। युवक हाथ जोड़कर माफी मांगता भी दिखाई देता है।
मामला सुपेला थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है और घटना 29 अगस्त की रात की है। डिलीवरी बॉय ने राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन सिंह समेत अन्य लोगों के खिलाफ गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिज्जा डिलीवरी कर लौट रहा था युवक
शिकायत के मुताबिक, डिलीवरी बॉय स्टील कॉलोनी कातुलबोर्ड का रहने वाला है और नेहरू नगर स्थित डोमिनोज में काम करता है। 29 अगस्त की रात करीब 2 बजे वह स्मृति नगर में पिज्जा डिलीवरी करने गया था। लौटते समय रास्ते में उसे राहुल साहू, आदित्य वैष्णव, आयुष सिंह और नितिन दो बाइक पर जाते मिले। आरोप है कि युवकों ने उसे देखकर गाली-गलौज शुरू कर दी।
करीब 2:30 बजे जब डिलीवरी बॉय कैश जमा करने के लिए रुका, तब आरोपी वहां पहुंच गए। गाली देने का कारण पूछने पर विवाद बढ़ गया। आरोप है कि चारों ने मिलकर उसके साथ हाथ-मुक्कों से मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी।
बीच-बचाव करने पहुंचे दोस्तों से भी मारपीट
डिलीवरी बॉय ने अपने दोस्तों मयंक लकड़ा और लीलाधर साहू को फोन कर बुलाया। दोनों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि उनके साथ भी मारपीट की गई। इसके बाद वे डरकर डोमिनोज चले गए। आरोपियों के वहां पहुंचने पर फिर विवाद हुआ।
शिकायत में एक युवक के हाथ में पहने कड़े से डिलीवरी बॉय के सिर में चोट लगने का भी आरोप है। घटना के कुछ देर बाद नितिन का भाई अमन सिंह वहां पहुंचा। आरोप है कि अमन ने भी गाली-गलौज करते हुए युवक के साथ मारपीट की।
CCTV में कैद हुई घटना
मारपीट की पूरी घटना वहां लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में कुछ युवक डिलीवरी बॉय के साथ मारपीट करते दिखाई दे रहे हैं। यही वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
अमन सिंह अहिवारा के रहने वाले हैं और पहले अहिवारा यूथ कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। पुलिस वायरल वीडियो और शिकायत में लगाए गए आरोपों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।





