StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

एपल इवेंट में बेस आईफोन 18 नहीं होगा लॉन्च,फोल्डेबल और प्रो मॉडल पर रहेगा फोकस

मुंबई। एपल आज 9 सितंबर को अपने सालाना लॉन्च इवेंट में कई बड़े प्रोडक्ट पेश करने की तैयारी में है। हालांकि, इस बार कंपनी का बेस मॉडल आईफोन 18 लॉन्च नहीं होगा। इवेंट में आईफोन 18 प्रो, आईफोन 18 प्रो मैक्स और एपल का पहला फोल्डेबल आईफोन पेश किए जाने की उम्मीद है। इसके साथ कंपनी नई एपल वॉच और एयरपॉड्स भी लॉन्च कर सकती है।

भारतीय समयानुसार इवेंट रात 10:30 बजे शुरू होगा। इसे एपल की वेबसाइट के जरिए लाइव देखा जा सकेगा। यह कंपनी के नए CEO जॉन टर्नस का पहला बड़ा कीनोट भी होगा। टिम कुक के 1 सितंबर को पद छोड़ने के बाद टर्नस ने CEO की जिम्मेदारी संभाली है।

फोल्डेबल आईफोन में 7.8 इंच तक की स्क्रीन

एपल के पहले फोल्डेबल आईफोन में करीब 5.5 इंच की कवर स्क्रीन और 7.6 से 7.8 इंच की इनर डिस्प्ले मिल सकती है। फोन खुलने पर इसका स्क्रीन साइज आईपैड मिनी जैसा हो सकता है। इसकी मोटाई करीब 4.5mm रहने और 5000mAh या उससे बड़ी बैटरी मिलने की संभावना है।

फोल्डेबल डिजाइन के चलते इसमें फेस ID की जगह टच ID दी जा सकती है। फोन में डुअल रियर कैमरा और दोनों स्क्रीन पर पंच-होल फ्रंट कैमरा मिलने की उम्मीद है। इसकी अनुमानित कीमत 2,000 से 2,500 डॉलर यानी करीब 1.8 से 2.2 लाख रुपए के आसपास हो सकती है।

प्रो मॉडल में 2nm चिप और वेरिएबल अपर्चर

आईफोन 18 प्रो और प्रो मैक्स में 2nm चिप और नया C2 मॉडम मिलने की उम्मीद है। कैमरा सिस्टम में बड़ा बदलाव करते हुए वेरिएबल अपर्चर दिया जा सकता है। इससे लो-लाइट फोटोग्राफी और डेप्थ कंट्रोल बेहतर होने की संभावना है। डायनामिक आइलैंड भी पहले से छोटा हो सकता है।

वॉच और एयरपॉड्स भी होंगे लॉन्च

इवेंट में Apple Watch Series 12, Watch Ultra 4 और नए AirPods पेश किए जाने की उम्मीद है। वॉच में बेहतर स्लीप ट्रैकिंग, हेल्थ अलर्ट और ज्यादा ब्राइट डिस्प्ले मिल सकता है। वहीं, नए AirPods में बेहतर ANC और नई चिप के साथ AI और Find My फीचर्स का सपोर्ट मिलने की संभावना है।

महंगी मेमोरी चिप बनी बेस मॉडल टालने की वजह

बेस आईफोन 18 को टालने की बड़ी वजह मेमोरी चिप की बढ़ती कीमत बताई जा रही है। रिपोर्ट के मुताबिक 256GB प्रो मॉडल में मेमोरी की लागत का हिस्सा 2025 में करीब 10% था, जो 2026 में बढ़कर 34% हो गया।

ऐसे में एपल ने बेस मॉडल को 2027 तक टालने का फैसला किया है। इससे दो स्टैंडर्ड आईफोन के लॉन्च के बीच करीब 18 महीने का अंतर हो सकता है। इवेंट में iOS 27 समेत कंपनी के नए ऑपरेटिंग सिस्टम की उपलब्धता और Siri AI बीटा की जानकारी भी सामने आने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button