अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से कूदी युवती, मौत

मानसिक रूप से बीमार थी युवती, जयपुर में दर्दनाक सुसाइड से इलाके में सनसनी
दिल्ली। जयपुर में शुक्रवार दोपहर एक युवती ने अपार्टमेंट की चौथी मंजिल से छलांग लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना कालवाड़ थाना क्षेत्र की है।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने युवती को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए मोर्च्युरी में रखवाया है।
पुलिस के मुताबिक मृतका की उम्र 27 साल थी और वह पिछले कई वर्षों से मानसिक बीमारी से जूझ रही थी। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि युवती का इलाज भी चल रहा था। परिजनों ने बताया कि वह अक्सर हाथोज स्थित अपने फ्लैट पर जाया करती थी।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार दोपहर करीब 2 बजे युवती घर से निकली थी। इसके बाद वह करीब 100 मीटर दूर स्थित एक रेजीडेंसी की छत पर पहुंची। कुछ देर बाद उसने चौथी मंजिल से छलांग लगा दी।
तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। खून से लथपथ हालत में युवती को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि बचपन में साइकिल से गिरने के कारण उसके सिर में गंभीर चोट लगी थी। इसके बाद से उसकी तबीयत अक्सर खराब रहती थी।
पिछले चार वर्षों में उसकी मानसिक स्थिति ज्यादा बिगड़ गई थी। परिवार ने कई बार अस्पताल में भर्ती कराकर उसका इलाज भी कराया था।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है। वहीं युवती के इस कदम से परिवार सदमे में है। इलाके में घटना को लेकर लोगों में चर्चा बनी हुई है।



