ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

फिल्में समाज में सकारात्मक बदलाव की सशक्त माध्यम : मुख्यमंत्री विष्णु देव साय

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा है कि फिल्में केवल मनोरंजन का साधन नहीं होतीं, बल्कि वे समाज की सोच, संस्कृति और संवेदनाओं को दिशा देने वाली प्रभावशाली विधा हैं।

अच्छी और सार्थक फिल्में समाज में जागरूकता पैदा करने के साथ सकारात्मक बदलाव का माध्यम बनती हैं। उन्होंने कहा कि कला, संस्कृति और सिनेमा के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए राज्य सरकार पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री साय राजधानी रायपुर में संस्कृति विभाग एवं छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित डॉक्यूमेंट्री फिल्म निर्माताओं, कलाकारों और विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों के सम्मान समारोह में शामिल हुए।

इस दौरान उन्होंने कहा कि भारतीय सिनेमा ने समय-समय पर सामाजिक परिवर्तन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने ‘मदर इंडिया’ जैसी फिल्मों का उदाहरण देते हुए कहा कि ऐसी फिल्मों ने समाज में नैतिक मूल्यों, त्याग और आत्मसम्मान की भावना को मजबूत किया।

मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ी सिनेमा के गौरवशाली इतिहास का उल्लेख करते हुए कहा कि पहली छत्तीसगढ़ी फिल्म ‘कही देबे संदेश’ ने सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ महत्वपूर्ण संदेश दिया था। आज छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहा है और डिजिटल व ओटीटी प्लेटफॉर्म के विस्तार से स्थानीय फिल्मों को व्यापक दर्शक मिल रहे हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ी फिल्म उद्योग को नई पहचान दिलाने और स्थानीय कलाकारों को अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। इसी उद्देश्य से छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम को पुनः सक्रिय किया गया है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि 150 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली चित्रोत्पला फिल्म सिटी और ट्राइबल एवं कल्चरल कन्वेंशन सेंटर का भूमिपूजन किया जा चुका है। इससे फिल्म निर्माण को बढ़ावा मिलेगा और कलाकारों, तकनीशियनों तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे।

कार्यक्रम में 11 देशों में सम्मानित छत्तीसगढ़ी डॉक्यूमेंट्री फिल्म “छत्तीसगढ़ का भीम-चिंताराम” का विशेष प्रदर्शन किया गया। मुख्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ फिल्म विकास निगम की अध्यक्ष सुश्री मोना सेन को जन्मदिन की शुभकामनाएं भी दीं।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने गरियाबंद जिले के छुरा क्षेत्र स्थित गिधनी पाठ में विकास कार्यों के लिए 20 लाख रुपये तथा धमतरी में सेन समाज भवन निर्माण के लिए 10 लाख रुपये देने की घोषणा की।

कार्यक्रम में सर्व सेन समाज के प्रदेश अध्यक्ष पुनीत सेन, वरिष्ठ फिल्म निर्माता मोहन सुंदरानी सहित फिल्म जगत से जुड़े निर्माता, निर्देशक, कलाकार और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button