ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जन्म से पैर की बीमारी से जूझ रहे युवक को मिली नई जिंदगी: मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय की मदद से डीकेएस अस्पताल में हुआ सफल उपचार

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की संवेदनशील पहल जरूरतमंद परिवारों के लिए उम्मीद की नई किरण बन रही है।

बगिया स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय न सिर्फ आम लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कर रहा है, बल्कि गंभीर बीमारियों से जूझ रहे आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को बेहतर इलाज उपलब्ध कराने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है।

इसका ताजा उदाहरण फरसाबहार विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी 21 वर्षीय अविनाश नायक हैं।

जन्म से ही अविनाश के बाएं पैर के अंगूठे और एक अन्य अंगुली में मांसपेशियों और हड्डी के असामान्य रूप से बढ़ने की समस्या थी।

समय के साथ यह परेशानी बढ़ती गई, जिससे उन्हें चलने-फिरने और दैनिक कार्य करने में काफी दिक्कत होने लगी। आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण परिवार बेहतर इलाज नहीं करा पा रहा था।

कुछ वर्ष पहले अविनाश ने जिला अस्पताल में चिकित्सकों से संपर्क किया था। जांच के बाद डॉक्टरों ने उन्हें किसी बड़े चिकित्सा संस्थान में ऑपरेशन कराने की सलाह दी। हालांकि, आर्थिक तंगी के कारण परिवार के लिए इलाज का खर्च उठाना संभव नहीं था।

इसके बाद अविनाश ने मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय बगिया में आवेदन देकर मदद की गुहार लगाई। मामले को गंभीरता से लेते हुए कैंप कार्यालय ने तत्काल पहल की और उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर भेजा गया। डीकेएस अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उनका सफल ऑपरेशन किया गया।

स्वस्थ होने के बाद अविनाश मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय पहुंचे और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने बताया कि इलाज के बाद उनकी स्थिति में काफी सुधार हुआ है और अब वे पहले की तुलना में आसानी से चल-फिर पा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने अविनाश के स्वस्थ होने पर खुशी जताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। यह पहल बताती है कि संवेदनशील शासन और समय पर मिली सहायता किसी जरूरतमंद व्यक्ति के जीवन में बड़ा बदलाव ला सकती है।

Related Articles

Back to top button