तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी: 2.50 लाख को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा, कैश लेकर भागा तांत्रिक

बिलासपुर। बिलासपुर में तंत्र-मंत्र के नाम पर ठगी का अनोखा मामला सामने आया है। यहां खुद को तांत्रिक बताने वाले विजय कुमार राज (48) ने 2.50 लाख रुपए को 2.50 करोड़ बनाने का झांसा देकर लोगों को फंसाया।
आरोपी ने बिल्हा थाना क्षेत्र के संबलपुरी गांव में कांग्रेस समर्थित सरपंच पति के घर अनुष्ठान किया और उसका वीडियो भी बनाया। वीडियो में पैसों की गड्डियों के सामने नारियल, अगरबत्ती रखकर पूजा की गई और अचानक ऊपर से नोटों की बारिश होती दिखाई दी।
इस वीडियो को देखकर कोरिया जिले के 4 युवक लालच में आ गए और तांत्रिक के झांसे में फंसकर ढाई लाख रुपए दे दिए। बाद में जब उन्हें ठगी का अहसास हुआ तो वे पैसे वापस मांगने पहुंचे। लेकिन तब तक तांत्रिक अपने 4 साथियों के साथ फरार हो चुका था। पीड़ितों ने पीछा कर रतनपुर इलाके में हाईवे पर बीच सड़क उन्हें रोक लिया और जमकर पिटाई कर दी।
घटना 31 जनवरी की रात करीब 3:30 बजे की बताई जा रही है, जब तांत्रिक ढाई लाख लेकर जा रहा था और रतनपुर में ढाबे के पास रुका। इसी दौरान पीड़ित युवक वहां पहुंचे और मारपीट कर उसकी कार, तीन मोबाइल और करीब 8 हजार रुपए कैश लूटकर भाग गए।
मामले की जानकारी मिलते ही SSP रजनेश सिंह के निर्देश पर टीम बनाई गई। पुलिस ने टेक्निकल साक्ष्य और लोकेशन के आधार पर 2 फरवरी को 4 आरोपियों को सरगुजा-कोरिया से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने लूटी गई कार, मोबाइल और कैश भी बरामद कर लिया है। वहीं तांत्रिक और उसके सहयोगियों पर भी धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि पैसे डबल करने जैसे झांसे में न आएं।





