बरसात खत्म होते ही पुल-पुलियों और NH के काम होंगे तेज: अक्टूबर में हर साइट पर दिखना चाहिए निर्माण, लापरवाही पर ठेकेदारों पर कार्रवाई

रायपुर। बरसात खत्म होते ही छत्तीसगढ़ में निर्माणाधीन पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों के काम को युद्धस्तर पर शुरू किया जाएगा। लोक निर्माण विभाग के सचिव मुकेश कुमार बंसल ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि अक्टूबर में सभी निर्माण स्थलों पर काम होता हुआ नजर आना चाहिए। उन्होंने सभी निर्माणाधीन कार्यों का एक सप्ताह के भीतर ठेकेदारों के साथ स्थल निरीक्षण कर बारिश के बाद काम शुरू करने की तैयारी पूरी करने को कहा।
नवा रायपुर के निर्माण भवन में पुल-पुलियों और राष्ट्रीय राजमार्गों की समीक्षा के दौरान उन्होंने 2025-26 और 2026-27 के प्राथमिकता वाले कार्यों के प्राक्कलन 20 सितंबर तक जमा करने के निर्देश दिए। बारिश से क्षतिग्रस्त पुलों की मरम्मत, रेलिंग और दीवारों की पेंटिंग का काम 30 नवंबर तक पूरा करने को कहा।
सप्ताह में दो दिन साइट पर जाएंगे अफसर
बंसल ने कार्यपालन और अधीक्षण अभियंताओं को सप्ताह में कम से कम दो दिन निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने गुणवत्ता और समय-सीमा से समझौता नहीं करने को कहा। धीमी गति या लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
नए कार्यों की निविदा प्रक्रिया नवंबर तक पूरी करने और जनवरी तक निर्माण शुरू करने को कहा गया। ठेकेदारों को समय पर ले-आउट, ड्राइंग-डिजाइन और कार्यस्थल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
हर महीने भुगतान, तीन महीने में अनुबंध क्लोज
सचिव ने ठेकेदारों को हर महीने भुगतान सुनिश्चित करने और काम पूरा होने के तीन महीने के भीतर अनुबंध क्लोज करने को कहा। साथ ही सभी पुल-पुलियों की जानकारी 10 सितंबर तक गतिशक्ति पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए।
मार्च तक पूरे होंगे प्रमुख NH प्रोजेक्ट
NHAI और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों से बेहतर समन्वय कर काम तेज करने को कहा गया। रायपुर का MMI चौक-शदाणी दरबार खंड, बेमेतरा बायपास, कोंडागांव-नारायणपुर और रतनपुर-पेंड्रा रोड राष्ट्रीय राजमार्ग खंड को अगले साल मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य दिया गया है।





