StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

गौतम अदाणी के बाद कौन संभालेगा 27 लाख करोड़ का कारोबार? 2 बेटे और 2 भतीजे बने उत्तराधिकारी

इ देश के बड़े कारोबारी समूहों में शामिल अदाणी ग्रुप में अब अगली पीढ़ी को नेतृत्व सौंपने की तैयारी शुरू हो गई है।

ग्रुप के संस्थापक गौतम अदाणी ने अपने करीब 27 लाख करोड़ रुपए के कारोबारी साम्राज्य को आगे बढ़ाने के लिए परिवार के चार सदस्यों को चुना है।

इनमें उनके दोनों बेटे करण और जीत अदाणी के अलावा भतीजे प्रणव और सागर अदाणी शामिल हैं। चारों को ग्रुप के अलग-अलग कारोबार की जिम्मेदारी दी गई है।

गौतम अदाणी की उम्र 64 साल है। उत्तराधिकार की इस योजना में चारों सदस्यों की भूमिका उनके अनुभव और संबंधित कारोबार में जिम्मेदारी के आधार पर तय की गई है। आने वाले समय में ग्रुप के बड़े फैसलों और विस्तार की रणनीति में इनकी भूमिका अहम होगी।

करण अदाणी: पोर्ट कारोबार की जिम्मेदारी

करण अदाणी गौतम अदाणी के बड़े बेटे हैं। 39 वर्षीय करण ने 2009 में ग्रुप के पोर्ट कारोबार में काम शुरू किया था। 2016 में उन्हें अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन (APSEZ) का CEO बनाया गया। वे ग्रुप के पोर्ट कारोबार के विस्तार और संचालन की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।

जीत अदाणी: एयरपोर्ट कारोबार संभाल रहे

29 वर्षीय जीत अदाणी गौतम अदाणी के छोटे बेटे हैं। वे 2019 में ग्रुप से जुड़े थे। फिलहाल वे अदाणी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड के निदेशक हैं। उनके पास एयरपोर्ट कारोबार के संचालन और विस्तार से जुड़ी जिम्मेदारियां हैं।

प्रणव अदाणी: ग्रुप के अनुभवी चेहरों में शामिल

48 वर्षीय प्रणव अदाणी गौतम अदाणी के भतीजे हैं। वे अदाणी एंटरप्राइजेज के निदेशक और ग्रुप के प्रबंध निदेशक हैं। उन्होंने 1999 में एग्री-कमोडिटी कारोबार से अपने नेतृत्व की शुरुआत की थी। लंबे अनुभव के चलते उन्हें उत्तराधिकार योजना का अहम हिस्सा माना जा रहा है।

सागर अदाणी: पावर और एनर्जी सेक्टर की कमान

32 वर्षीय सागर अदाणी भी गौतम अदाणी के भतीजे हैं। ऑक्सफोर्ड से पढ़ाई के बाद वे 2015 में ग्रुप से जुड़े। वे अदाणी एंटरप्राइजेज में कार्यकारी निदेशक हैं और अदाणी एनर्जी समेत पावर सेक्टर से जुड़े कारोबार में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

कितनी बड़ी है अदाणी ग्रुप की विरासत?

अदाणी परिवार का कारोबारी साम्राज्य देश के सबसे बड़े औद्योगिक समूहों में शामिल है। रिपोर्ट के मुताबिक, ग्रुप की कंपनियों का कुल मार्केट कैप करीब 17 लाख करोड़ रुपए है, जबकि व्यक्तिगत संपत्ति करीब 10 लाख करोड़ रुपए बताई गई है।

इस तरह करीब 27 लाख करोड़ रुपए के कारोबार और संपत्ति से जुड़े समूह को आगे बढ़ाने की जिम्मेदारी अब परिवार की अगली पीढ़ी के इन चार सदस्यों पर होगी।

Related Articles

Back to top button