StateNewsदेश - विदेश

देश में मौसम के दो रंग: दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट, पहाड़ों पर बर्फबारी; दिल्ली-UP में सुबह कोहरा

दिल्ली। देशभर में मौसम का मिजाज अलग-अलग नजर आ रहा है। दक्षिण भारत के राज्यों में भारी बारिश की संभावना है, वहीं जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश के पहाड़ी इलाकों में बारिश के साथ बर्फबारी हो सकती है।

दूसरी ओर, उत्तर और मध्य भारत के मैदानी इलाकों में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। दिल्ली-NCR, उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में सुबह के समय हल्का कोहरा और धुंध छाने की संभावना है।

मौसम विभाग के मुताबिक, तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में 11 नवंबर को कुछ जगहों पर भारी बारिश हो सकती है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में भी हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में 16 नवंबर तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। यहां 14 नवंबर तक कुछ स्थानों पर भारी बारिश की चेतावनी है। बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाएं भी चल सकती हैं।

पहाड़ों पर बारिश-बर्फबारी के आसार

पश्चिमी विक्षोभ के असर से जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में 13 नवंबर तक बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है। उत्तराखंड में 12 और 13 नवंबर को कुछ जगहों पर बारिश हो सकती है। इससे पहाड़ी क्षेत्रों में तापमान गिरने और ठंड बढ़ने के आसार हैं।

दिल्ली-UP में सुबह धुंध, मध्य भारत में मौसम शुष्क

दिल्ली में 11 से 13 नवंबर तक सुबह हल्का से मध्यम कोहरा छा सकता है। यहां न्यूनतम तापमान 15 से 17 डिग्री और अधिकतम तापमान 27 से 30 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है।

उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में फिलहाल बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। पूर्वोत्तर के कुछ राज्यों में भी बारिश हो सकती है।

इस बीच बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्वी हिस्से में 13 नवंबर के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके असर से दक्षिण भारत में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं।

Related Articles

Back to top button