छत्तीसगढ़ में दिन-रात का तापमान सामान्य से नीचे: अंबिकापुर में 12.3 डिग्री पर पहुंचा पारा, अगले 5 दिन मौसम रहेगा शुष्क

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। प्रदेश में दिन और रात दोनों समय तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया जा रहा है। अंबिकापुर में रात का पारा गिरकर 12.3 डिग्री पर पहुंच गया है।
वहीं पेंड्रा में सुबह हल्की धुंध छाने लगी है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। इस दौरान तापमान में किसी बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
दिन का औसत तापमान 30.2 डिग्री
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान 30.2 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान सामान्य से 0.6 डिग्री और न्यूनतम तापमान 0.9 डिग्री कम रहा। इसके चलते दिन में गर्मी का असर कम है, जबकि रात और सुबह हल्की ठंड महसूस हो रही है।
कई शहरों में दिन का तापमान सामान्य से नीचे रहा। पेंड्रारोड में यह सामान्य से 1.8 डिग्री, बिलासपुर में 0.7 डिग्री, माना में 0.6 डिग्री, दुर्ग में 0.4 डिग्री और अंबिकापुर में 0.3 डिग्री कम दर्ज किया गया। इसके उलट जगदलपुर में तापमान सामान्य से 1.2 और राजनांदगांव में 1.8 डिग्री अधिक रहा।
अंबिकापुर सबसे ठंडा, दुर्ग सबसे गर्म
प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 12.3 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। पेंड्रारोड में 14, जगदलपुर में 14.4, दुर्ग में 15.2, माना में 15.4 और बिलासपुर में 16.2 डिग्री रहा।
वहीं दिन में दुर्ग सबसे गर्म रहा। यहां अधिकतम तापमान 32.6 डिग्री दर्ज किया गया। राजनांदगांव में 30.5, जगदलपुर में 29.6, बिलासपुर में 29.1 और पेंड्रारोड-अंबिकापुर में 28 डिग्री तापमान रहा।
बारिश का अलर्ट नहीं
मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक प्रदेश में बारिश की संभावना नहीं जताई है। मौसम शुष्क रहने के साथ तापमान में भी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं। सुबह और रात के समय ठंड का असर धीरे-धीरे बढ़ सकता है।





