StateNewsदेश - विदेश

आज 22 राज्यों में बदलेगा मौसम: कहीं भारी बारिश तो कहीं आंधी-ओलावृष्टि का अलर्ट

रायपुर। देशभर में मौसम का मिजाज बदल रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने 15 अक्टूबर को कई राज्यों में बारिश, आंधी और बिजली गिरने की आशंका जताई है। दक्षिण भारत में भारी से अति भारी बारिश का अनुमान है, वहीं दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ बारिश और ओले गिर सकते हैं। छत्तीसगढ़ सहित मध्य भारत के राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक कहीं-कहीं बारिश होने की संभावना है।

दक्षिण भारत में भारी बारिश की चेतावनी

तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और कराईकल के कुछ इलाकों में 15 अक्टूबर को भारी से अति भारी बारिश हो सकती है। तटीय आंध्र प्रदेश और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी तेज बारिश का अनुमान है। आंध्र प्रदेश, केरल और तमिलनाडु के कुछ इलाकों में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण भारत में बारिश का दौर अगले कुछ दिनों तक जारी रह सकता है।

दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में आंधी-बारिश

दिल्ली-NCR में गुरुवार को बादल छाए रहने और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक, बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने का अनुमान है। दिल्ली में अधिकतम तापमान करीब 28 से 30 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में भी बारिश के साथ ओले गिरने की आशंका है।

छत्तीसगढ़ और मध्य भारत में भी बदलेगा मौसम

छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश और विदर्भ में कहीं-कहीं बारिश की संभावना है। छत्तीसगढ़ में 15 अक्टूबर तक गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। पश्चिमी मध्य प्रदेश में 15 से 20 अक्टूबर और पूर्वी मध्य प्रदेश में 16 अक्टूबर से बारिश का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम में बदलाव के कारण कुछ इलाकों में तापमान में गिरावट भी आ सकती है।

पहाड़ी राज्यों में बारिश और ओलों का खतरा

जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में मौसम का असर दिखाई दे सकता है। पहाड़ी क्षेत्रों में बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड बढ़ने की संभावना है। उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चल सकती हैं। राजस्थान के कुछ इलाकों में भी बारिश और ओलावृष्टि का अनुमान है।

पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत में भी बारिश के आसार

ओडिशा में 18 अक्टूबर तक कुछ इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। झारखंड में 15 अक्टूबर और बिहार में 16 से 18 अक्टूबर के बीच कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। असम, मेघालय, अरुणाचल प्रदेश और पूर्वोत्तर के अन्य राज्यों में भी अगले कुछ दिनों तक छिटपुट बारिश का अनुमान है। अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में भी बारिश की गतिविधियां जारी रह सकती हैं।

Related Articles

Back to top button