ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

प्रदेश में मानसून की एंट्री से पहले मौसम की आंख-मिचौली, कई इलाकों में बारिश और वज्रपात के आसार

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून की दस्तक से पहले मौसम लगातार करवट बदल रहा है। प्रदेश के कई हिस्सों में बादल छाए रहने के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा रही है, जिससे उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में बारिश की गतिविधियां और तेज होने की संभावना है। कई इलाकों में गरज-चमक और वज्रपात की स्थिति भी बन सकती है, जिससे तापमान में और गिरावट देखने को मिल सकती है।

पिछले 24 घंटों में बिलासपुर संभाग में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई है, जबकि प्रदेश के अन्य हिस्सों में तापमान में विशेष बदलाव नहीं हुआ है। गुरुवार को प्रदेश का सबसे अधिक तापमान 41.6 डिग्री सेल्सियस बिलासपुर में रिकॉर्ड किया गया, वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज हुआ।

मौसम विभाग के मुताबिक, पिछले 24 घंटों में केशकाल, छिंदगढ़, कांकेर, गंडई, जगदलपुर, बोराई, बड़े राजपुर, कुआकोंडा, माकड़ी, दुर्ग, पिपरिया, धमधा, बड़े बचेली, राजनांदगांव, चारामा, तोंगपाल, खड़गांव और भीमभोरी जैसे क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई है।

सिनोप्टिक सिस्टम के अनुसार, पंजाब से लेकर हरियाणा, उत्तर प्रदेश और बिहार तक समुद्र तल पर एक मौसमी द्रोणिका सक्रिय है। इसके अलावा पूर्वी विदर्भ से तेलंगाना और आंध्र प्रदेश होते हुए तमिलनाडु तक 0.9 किलोमीटर ऊंचाई पर एक और द्रोणिका बनी हुई है, जो मौसम में बदलाव का प्रमुख कारण है।

मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों तक प्रदेश में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और वज्रपात की संभावना जताई है। वहीं अगले 4 से 5 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मानसून के छत्तीसगढ़ के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बताई गई हैं।

Related Articles

Back to top button