बिलाईगढ़ में नगर बंद की चेतावनी: मांगें पूरी नहीं हुईं तो पहले चक्का जाम, फिर 5 दिन की हड़ताल का ऐलान

बिलाईगढ़। बिलाईगढ़ में व्यापारियों और प्रशासन के बीच टकराव की स्थिति बनती नजर आ रही है।
व्यापारी संघ ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी प्रमुख मांगों पर जल्द निर्णय नहीं लिया गया तो पहले एक दिन का चक्का जाम और नगर बंद किया जाएगा।
इसके बाद भी मांगें पूरी नहीं होने पर पांच दिनों तक नगर बंद रखकर आंदोलन तेज किया जाएगा।
व्यापारी संघ का कहना है कि लंबे समय से उनकी मांगों की अनदेखी की जा रही है।
संघ ने गौरव पथ के अधूरे पड़े निर्माण कार्य को जल्द पूरा करने, बिलाईगढ़ में बसों का नियमित संचालन शुरू कराने और नगर पंचायत के मुख्य नगर पालिका अधिकारी (सीएमओ) को हटाने की मांग की है।
व्यापारियों का कहना है कि अधूरे विकास कार्य और परिवहन व्यवस्था प्रभावित होने से व्यापार पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
वहीं प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर भी उन्होंने नाराजगी जताई है।
फिलहाल प्रस्तावित नगर बंद और आंदोलन को लेकर प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
अब सभी की नजर व्यापारी संघ और प्रशासन के बीच संभावित बातचीत पर टिकी है।
यदि जल्द समाधान नहीं निकला तो बिलाईगढ़ में चक्का जाम और नगर बंद से आम लोगों के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियां भी प्रभावित हो सकती हैं।





