मणिपुर में फिर हिंसा: उखरुल में फायरिंग से 3 की मौत, नगा-कुकी तनाव गहराया

दिल्ली। मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़क उठी है। उखरुल जिले में शुक्रवार सुबह दो अलग-अलग फायरिंग घटनाओं में तीन लोगों की मौत हो गई।
पहली घटना मुल्लम गांव के पास हुई, जहां सुरक्षाबलों ने करीब 11:25 बजे दो शव बरामद किए। दोनों मृतकों के शरीर पर गोली के निशान मिले हैं और वे आर्मी प्रिंट कपड़ों में थे। दूसरी घटना सिनाकेइथेई गांव में हुई, जहां 29 वर्षीय एच. जमांग को हमलावरों ने घात लगाकर मार डाला।
घटनाओं के बाद इलाके में तनाव बढ़ गया है। कुकी संगठनों ने आरोप लगाया कि नगा मिलिटेंट्स ने सुबह करीब 5:30 बजे उनके गांवों पर हमला किया, जिसमें कई घरों में आग लगा दी गई और ग्रामीणों को निशाना बनाया गया।
हालांकि नगा संगठनों ने इन आरोपों को सिरे से खारिज किया है। दोनों समुदायों के बीच पहले से ही तनाव बना हुआ था, जो अब और गहरा गया है।
अप्रैल महीने में अब तक राज्य में 10 लोगों की मौत हो चुकी है। 6-7 अप्रैल को बिष्णुपुर में बम हमले में दो बच्चों की जान गई थी, जबकि 10 अप्रैल को एक बीएसएफ जवान की गोलीबारी में मौत हुई। 18 अप्रैल को भी उखरुल में दो लोगों की हत्या हुई थी।
लगातार हो रही हिंसा के बीच मेइरा पाईबी की महिलाएं सड़कों पर उतर आई हैं। वे शांति बहाली की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रही हैं और रात में मशाल रैलियों के जरिए इलाकों की निगरानी भी कर रही हैं। 18 अप्रैल से राज्य में बंद का असर देखने को मिल रहा है, जिससे जनजीवन प्रभावित है।
गौरतलब है कि मई 2023 से मणिपुर में जातीय हिंसा जारी है। हालात काबू में लाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन ताजा घटनाओं ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।





