कनाडा में सिख बुजुर्ग पर नस्लीय हमला: युवक ने धक्का देकर कहा- “मेरे देश में क्या कर रहे हो”

दिल्ली। कनाडा में भारतीय समुदाय, खासकर सिखों के खिलाफ हेट क्राइम का एक और मामला सामने आया है। वुडस्टॉक शहर में एक बुजुर्ग सिख व्यक्ति पर नस्लीय हमला किया गया। घटना 22 अप्रैल की सुबह करीब 11:35 बजे टर्टल आइलैंड स्कूल के पास हुई, जहां पीड़ित फुटपाथ पर टहल रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, एक नकाब पहने युवक अचानक बुजुर्ग के पास आया और उन्हें रोककर नस्लीय टिप्पणियां करने लगा। उसने बुजुर्ग से कहा, “तुम मेरे देश में क्या कर रहे हो, वापस पंजाब जाओ।” इसके बाद आरोपी ने उन्हें धक्का दिया और अपशब्द कहे। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिसमें युवक लगातार भड़काऊ भाषा का इस्तेमाल करता नजर आ रहा है।
मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। वुडस्टॉक पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि युवक ने यह हरकत अकेले की और इसके पीछे किसी संगठित समूह की भूमिका नहीं दिख रही है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, कनाडा के कानूनों के तहत फिलहाल आरोपी और पीड़ित की पहचान सार्वजनिक नहीं की गई है। वहीं पीड़ित परिवार की ओर से भी अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
इस घटना के बाद सिख समुदाय में आक्रोश है और इसे बढ़ते एंटी-सिख हेट क्राइम का हिस्सा बताया जा रहा है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है, लेकिन साथ ही ऐसी घटनाओं पर सख्त कार्रवाई की मांग भी की है।





