ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

महापौर को गालियां देते युवक का VIDEO वायरल: लालपुर में जलभराव से था नाराज, BJP ने की शिकायत

रायपुर। राजधानी रायपुर में जलभराव को लेकर नाराज एक युवक का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो लालपुर फलमंडी के पास का बताया जा रहा है। इसमें युवक सड़क पर पानी भरा होने को लेकर नगर निगम की व्यवस्था पर नाराजगी जताता दिखाई दे रहा है। इसी दौरान वह सरकार और महापौर के खिलाफ कथित तौर पर अपशब्दों का इस्तेमाल करता है।

बताया जा रहा है कि बारिश के बाद लालपुर फलमंडी के आसपास सड़क पर पानी जमा हो गया था। इससे लोगों को आवाजाही में परेशानी हो रही थी। इसी बात को लेकर युवक नाराज था। वह जल निकासी की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए सरकार और महापौर को लेकर आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल करने लगा। घटना का वीडियो किसी ने रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर डाल दिया, जिसके बाद यह वायरल हो गया।

वीडियो वायरल होने के बाद BJP पार्षदों ने की शिकायत

वीडियो सामने आने के बाद भाजपा पार्षदों का प्रतिनिधिमंडल पुलिस अधिकारियों के पास पहुंचा और युवक के खिलाफ शिकायत की। पार्षदों ने कहा कि जलभराव की समस्या को लेकर नाराजगी जताना या नगर निगम की व्यवस्था पर सवाल उठाना अलग बात है, लेकिन जनप्रतिनिधियों के खिलाफ सार्वजनिक रूप से अभद्र भाषा का इस्तेमाल नहीं किया जाना चाहिए। पार्षदों ने युवक की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस कर रही वीडियो की जांच

शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि वीडियो कब और किस स्थान पर बनाया गया और उसमें दिखाई दे रहा युवक कौन है।

DCP तारकेश्वर पटेल ने मीडिया से चर्चा में बताया कि पार्षदों के प्रतिनिधिमंडल ने मामले को लेकर शिकायत की है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आरोपियों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस अब वीडियो के आधार पर युवक की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है।

Related Articles

Back to top button