StateNewsदेश - विदेश

BRICS मेहमानों को गिफ्ट में गुडी बैग, सत्तू से कॉफी तक; भारतीय संस्कृति की झलक

दिल्ली। नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन में शामिल होने वाले प्रतिनिधियों और विदेशी मेहमानों को खास गुडी बैग गिफ्ट किया जा रहा है। इस बैग में देश के अलग-अलग राज्यों की पहचान रखने वाले उत्पाद शामिल किए गए हैं।

इसमें बिहार का सत्तू और मखाना, केले के चिप्स, ओडिशा की कॉफी और गुजराती दुपट्टा शामिल है। इसके जरिए विदेशी मेहमानों को भारत की विविध संस्कृति, खान-पान और हस्तशिल्प से परिचित कराने की कोशिश की गई है।

दिल्ली के भारत मंडपम में BRICS समिट 12 और 13 सितंबर को आयोजित हो रही है। सम्मेलन से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की मुलाकात हुई। दोनों नेताओं ने बिजनेस फोरम को संबोधित भी किया।

वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट की प्रदर्शनी

भारत मंडपम में ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ (ODOP) की विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई है। इसमें देश के अलग-अलग हिस्सों के करीब 1,200 अनोखे कला और हथकरघा उत्पाद प्रदर्शित किए गए हैं। यह प्रदर्शनी देश के 770 जिलों के स्थानीय उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने की पहल का हिस्सा है।

प्रदर्शनी में क्षेत्रीय सिल्क से बनी नेकटाई, पीतल के बर्तन और पारंपरिक लकड़ी के खिलौने जैसे उत्पाद भी रखे गए हैं। इनमें भागलपुरी, बनारसी और चंदेरी सिल्क की झलक देखने को मिल रही है। वहीं, आंध्र प्रदेश के कोंडापल्ली और एटिकोप्पका शैली के पारंपरिक खिलौने भी आकर्षण का केंद्र हैं।

पुतिन को तमिल ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ की प्रति

प्रधानमंत्री मोदी ने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को तमिल के प्रसिद्ध ग्रंथ ‘तिरुक्कुरल’ का रूसी भाषा में अनुवाद भेंट किया। तिरुवल्लुवर की इस रचना में 1,330 दोहे हैं, जिनमें नैतिक जीवन, शासन, अर्थव्यवस्था, प्रेम और मानवीय मूल्यों से जुड़े विचार शामिल हैं।

BRICS नेताओं की रेत कला भी बनी आकर्षण

ओडिशा के पुरी में सैंड आर्टिस्ट मानस कुमार साहू ने BRICS नेताओं के स्वागत में रेत से कलाकृति बनाई। इसमें पीएम मोदी, पुतिन, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के चित्र बनाए गए हैं। सम्मेलन को लेकर दिल्ली में सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।

Related Articles

Back to top button