सीएम हेल्पलाइन पर शिकायत, कोलबिर्रा में अवैध रेत के 5 ट्रैक्टर जब्त

गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। सीएम हेल्पलाइन और ग्रामीणों से मिली शिकायत पर खनिज विभाग ने अवैध रेत परिवहन के खिलाफ कार्रवाई की है। विभागीय टीम ने कोलबिर्रा क्षेत्र में जांच के दौरान रेत का अवैध परिवहन करते हुए 5 ट्रैक्टर पकड़े। सभी वाहनों को जब्त कर कोटमी चौकी में सुरक्षित रखा गया है। संबंधित वाहन मालिकों के खिलाफ खान एवं खनिज (विकास एवं विनियमन) अधिनियम के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए खनिज विभाग की ओर से लगातार निगरानी और जांच अभियान चलाया जा रहा है। इसी दौरान कोलबिर्रा क्षेत्र में अवैध रेत परिवहन की शिकायत विभाग को मिली थी। शिकायत के बाद टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। जांच में 5 ट्रैक्टर रेत का अवैध परिवहन करते पाए गए, जिन्हें तत्काल जब्त कर लिया गया।
कलेक्टर विजय दयाराम के. ने अधिकारियों को सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों की गंभीरता से जांच कर समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए हैं। इसके बाद संबंधित विभागों की ओर से शिकायतों पर कार्रवाई की जा रही है। खनिज विभाग का कहना है कि अवैध खनन और परिवहन से जुड़ी शिकायतों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
विभाग द्वारा संवेदनशील क्षेत्रों में नियमित निरीक्षण भी किया जा रहा है, ताकि रेत समेत अन्य खनिज संसाधनों के अवैध दोहन और परिवहन पर रोक लगाई जा सके। अधिकारियों के मुताबिक शिकायतों के आधार पर कार्रवाई के साथ नियमित जांच अभियान भी जारी रहेगा।
कार्रवाई में सहायक खनि अधिकारी आदित्य मानकर और खनिज विभाग के स्टाफ की भूमिका रही। विभाग ने अवैध रेत उत्खनन और परिवहन के खिलाफ आगे भी कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।





