StateNewsदेश - विदेश

अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर आधी रात बवाल: घर के बाहर BJP-TMC समर्थक भिड़े, सांसद की पुलिस अफसर से तीखी बहस

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में TMC सांसद अभिषेक बनर्जी के जन्मदिन पर शुक्रवार आधी रात उनके आवास के बाहर जमकर हंगामा हुआ। बैनर-पोस्टर लगाने के दौरान TMC और BJP समर्थकों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया। दोनों पक्षों के बीच ईंट-पत्थर चले। आरोप है कि कुछ लोगों ने लोहे की छड़ों और हॉकी स्टिक से भी हमला किया। घटना में कई लोगों के घायल होने की खबर है।

हंगामे की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। इस दौरान अभिषेक बनर्जी और एक पुलिस अधिकारी के बीच तीखी बहस हो गई। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। विवाद के बाद अभिषेक कुछ देर के लिए अपने आवास के बाहर धरने पर भी बैठ गए।

अभिषेक ने लगाया हमले और फायरिंग का आरोप

अभिषेक बनर्जी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर दावा किया कि रात करीब 2 बजे उनके घर पर हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP समर्थकों ने पुलिस की मौजूदगी में पत्थरबाजी और फायरिंग की। उन्होंने कलकत्ता हाईकोर्ट और सुप्रीम कोर्ट पर भी इस मामले में चुप्पी साधने का आरोप लगाया। अभिषेक ने घटना के वीडियो साझा करने की बात कही है।

BJP ने आरोपों को किया खारिज

BJP ने अभिषेक के आरोपों को खारिज करते हुए अलग दावा किया है। पार्टी के मुताबिक, उसके कार्यकर्ता कुम्हारटोली में काली की मूर्तियां खरीदने गए थे। लौटते समय जब वे अभिषेक बनर्जी के आवास के पास से गुजर रहे थे, तब TMC समर्थकों ने उन पर हमला किया। बीजेपी नेता दिलीप घोष ने तंज कसते हुए कहा कि उन्होंने पहली बार किसी नेता का जन्मदिन फुटपाथ पर मनाते देखा है। उन्होंने कहा कि हंगामा करने वालों को जवाब भी मिलता है।

एक दिन पहले रेकी का लगाया था आरोप

झड़प से एक दिन पहले 6 नवंबर को भी अभिषेक बनर्जी ने अपने घर और दफ्तर के आसपास संदिग्ध गतिविधियों का आरोप लगाया था। उन्होंने X पर दावा किया था कि पिछले दो दिनों से कुछ लोग बाइक पर सवार होकर उनके आवास और कार्यालय की रेकी कर रहे थे। पूछताछ करने पर इन लोगों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया था। अभिषेक ने बाइक का रजिस्ट्रेशन नंबर साझा करते हुए सवाल उठाया था कि एक निर्वाचित सांसद के घर और दफ्तर की निगरानी क्यों की जा रही है। फिलहाल घटना को लेकर दोनों दलों के आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं।

Related Articles

Back to top button