ट्रंप की हत्या की साजिश? व्हाइट हाउस के पास हथियारों के साथ वेनेजुएला का युवक गिरफ्तार

वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर गंभीर मामला सामने आया है। व्हाइट हाउस के पास संदिग्ध पिकअप ट्रक में हथियारों के साथ वेनेजुएला के 26 वर्षीय युवक रोनी योरड्रिक्स गुआनिपा क्रिनोस को गिरफ्तार किया गया है।
अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने पूछताछ में बताया कि उसके दिमाग में आवाजें आती हैं, जो उसे वॉशिंगटन जाकर ट्रंप की हत्या करने के लिए कहती हैं। हालांकि, यह दावा अदालत में दाखिल आपराधिक शिकायत के हलफनामे में दर्ज नहीं है।
संदिग्ध ट्रक में मिले तीन हथियार
घटना गुरुवार रात करीब 11:42 बजे की है। सीक्रेट सर्विस का एक अधिकारी कॉन्स्टिट्यूशन एवेन्यू पर गश्त कर रहा था। इसी दौरान उसे नीले रंग का फोर्ड F-150 पिकअप ट्रक संदिग्ध हालत में खड़ा मिला। पूछताछ में युवक ने हथियार होने का इशारा किया। इसके बाद अधिकारियों ने ट्रक की तलाशी ली।
इसमें AR-15 राइफल, MAC-10 मशीन पिस्टल और ग्लॉक 43X पिस्तौल के साथ बड़ी संख्या में कारतूस मिले। जांच में ट्रक चोरी का निकला। इसकी चोरी की रिपोर्ट दक्षिण कैरोलिना में दर्ज थी।
2024 में अवैध तरीके से अमेरिका पहुंचा था
अमेरिका के होमलैंड सिक्योरिटी विभाग के मुताबिक, क्रिनोस 2024 में अवैध तरीके से अमेरिका में दाखिल हुआ था। बॉर्डर पेट्रोल ने उसे गिरफ्तार किया था, लेकिन बाद में छोड़ दिया गया था।
आरोपी पर अवैध रूप से हथियार और कारतूस रखने, चोरी की गाड़ी इस्तेमाल करने और चोरी की संपत्ति रखने समेत कई आरोप लगाए गए हैं। अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।



