दक्षिण में भारी बारिश का अलर्ट, उत्तर भारत में बढ़ेगी ठंड: 12 राज्यों में मौसम बदलेगा; 11 नवंबर से दिल्ली-पंजाब में भी बरस सकते हैं बादल

दिल्ली। देश के अलग-अलग हिस्सों में मौसम के दो रंग देखने को मिल रहे हैं। उत्तर और मध्य भारत में फिलहाल मौसम शुष्क रहेगा, जबकि दक्षिण भारत के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
मौसम विभाग के मुताबिक 7 नवंबर को तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में भारी बारिश हो सकती है। केरल और माहे में भी 8 नवंबर तक तेज बारिश की आशंका है। इस दौरान बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी दी गई है।
दिल्ली-यूपी समेत मैदानी इलाकों में मौसम शुष्क
दिल्ली-NCR, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्यप्रदेश, गुजरात और महाराष्ट्र में फिलहाल बारिश की संभावना कम है। दिल्ली में आसमान साफ रहने के साथ सुबह हल्की धुंध छा सकती है।
उत्तर भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने से सुबह और रात के समय ठंड बढ़ेगी। बिहार में भी फिलहाल बारिश के आसार नहीं हैं। यहां सुबह हल्का कोहरा और दिन में अपेक्षाकृत गर्मी रह सकती है।
पहाड़ों पर पश्चिमी विक्षोभ का असर
जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में 10 से 13 नवंबर के बीच बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना है।
हिमाचल प्रदेश में 10 और 11 नवंबर को हल्की बारिश हो सकती है, जबकि उत्तराखंड में 8 और 9 नवंबर को कुछ स्थानों पर बारिश के आसार हैं। 11 नवंबर से पंजाब, हरियाणा और दिल्ली में भी हल्की बारिश हो सकती है।
पूर्वोत्तर में भी बारिश के आसार
अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 10-11 नवंबर को भारी बारिश हो सकती है। वहीं नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 9 से 11 नवंबर के बीच बारिश का अनुमान है। अंडमान-निकोबार में भी 9 से 11 नवंबर तक तेज बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने बारिश और बिजली गिरने की चेतावनी वाले क्षेत्रों में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है।





