ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सेवा सेतु ने आसान की सरकारी प्रक्रिया, मिनटों में हुआ राशन कार्ड अपडेट

रायपुर। शासकीय सेवाओं को आम नागरिकों के घर के नजदीक उपलब्ध कराने के लिए डिजिटल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। कोंडागांव जिले में सेवा सेतु पोर्टल के जरिए नागरिकों को विभिन्न सरकारी सेवाओं का लाभ स्थानीय स्तर पर ही मिल रहा है। ग्राम पंचायत सिंगनपुर निवासी उमेश कुमार नाग के लिए भी राशन कार्ड में बच्चे का नाम जुड़वाने की प्रक्रिया सेवा सेतु के माध्यम से आसान हो गई।

उमेश कुमार नाग ने राशन कार्ड में अपने बच्चे का नाम जोड़ने के लिए सेवा सेतु पोर्टल के जरिए ऑनलाइन आवेदन किया। अटल डिजिटल सुविधा केंद्र मुलमुला के माध्यम से आवेदन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बाद उनका काम कम समय में पूरा हो गया। उन्हें संबंधित कार्यालय में जाकर आवेदन जमा करने या प्रक्रिया के लिए बार-बार चक्कर लगाने की जरूरत नहीं पड़ी।

पहले राशन कार्ड से जुड़े ऐसे कार्यों के लिए ग्रामीणों को संबंधित विभाग के कार्यालय तक जाना पड़ता था। इसके लिए उन्हें अलग से समय निकालना पड़ता था। कई बार आवेदन और दस्तावेजों से जुड़ी प्रक्रिया के लिए दोबारा कार्यालय जाना भी पड़ता था। सेवा सेतु पोर्टल के जरिए अब ऐसी सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध होने से लोगों को अपने क्षेत्र के नजदीक ही सुविधा मिल रही है।

ऑनलाइन प्रक्रिया से समय और मेहनत दोनों की बचत हो रही है। डिजिटल माध्यम से आवेदन करने के साथ ही नागरिकों को सरकारी सेवा के लिए लंबी दूरी तय करने की जरूरत कम हुई है।

हितग्राही उमेश कुमार नाग ने सेवा सेतु के माध्यम से मिली त्वरित सुविधा के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के प्रति आभार जताया। जिले में इस तरह की डिजिटल सेवाओं के विस्तार से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को स्थानीय स्तर पर ही जरूरी शासकीय सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में मदद मिल रही है।

Related Articles

Back to top button