ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

घर के अंदर मिला महिला का शव, सिर पर गंभीर चोट के निशान

घटनास्थल से ईंट के टुकड़े बरामद; डॉग स्क्वायड ने की जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से साफ होगी मौत की वजह

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम जमनीमुड़ा में महिला का शव उसके घर के अंदर मिला। उसके सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल से ईंट के टुकड़े भी बरामद हुए हैं। ऐसे में पुलिस को आशंका है कि महिला पर किसी भारी वस्तु से हमला किया गया होगा। हालांकि, हत्या की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

मृतका की पहचान अगहन कुंवर चौहान के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, सुबह महिला के पति सहदेव राम चौहान घर पहुंचे तो पत्नी का शव देखकर घबरा गए। उन्होंने तत्काल पड़ोसियों को इसकी जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

मौके पर पहुंची पुलिस, डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य

सूचना मिलते ही पाली थाना प्रभारी मनीष कौशिक पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने घर का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल पर जांच की। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

फिलहाल पुलिस महिला की मौत के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जांच इस पहलू पर भी की जा रही है कि महिला की हत्या की गई है या मौत के पीछे कोई दूसरा कारण है। घटनास्थल से मिले ईंट के टुकड़ों और अन्य साक्ष्यों की पड़ताल की जा रही है। पुलिस के मुताबिक, पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button