संसद के मानसून सत्र के 13वें दिन राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर भारी हंगामा, 8 में से 3 सरकारी बिल पास

दिल्ली। संसद के मानसून सत्र के 13वें दिन भी राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे को लेकर दोनों सदनों में भारी हंगामा देखने को मिला।
31 जुलाई से जारी इस गतिरोध के बीच विधायी कामकाज भी आगे बढ़ा और मंगलवार को ‘टैक्सेशन एंड अदर्स लॉ (संशोधन) बिल’ लोकसभा में पास हो गया।
इस सत्र के लिए सूचीबद्ध कुल 8 बिलों में से अब तक ‘वंदे मातरम बिल’, ‘पब्लिक एग्जामिनेशन संशोधन बिल (पेपर लीक)’ और ‘सुप्रिम कोर्ट (जजों की संख्या) संशोधन बिल’ दोनों सदनों से पारित हो चुके हैं।
वहीं दूसरी ओर, जन्म-मृत्यु पंजीकरण, आयकर, MSME विकास, विदेशी अंशदान (FCRA) और विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान से जुड़े संशोधन बिलों को अभी संसद की मंजूरी मिलना बाकी है, जिन्हें पास कराने के लिए सरकार प्रयासरत है।
सदन में हंगामे के दौरान राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू के बीच तीखी बहस देखने को मिली।
खड़गे ने केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए कहा कि राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट का गठन सरकार ने ही किया था और उसे 70 एकड़ से अधिक जमीन दी गई थी, साथ ही प्रधानमंत्री खुद हर आयोजन में शामिल हुए; ऐसे में अब मंदिर के चढ़ावे में हुई चोरी पर ED और CBI जैसी केंद्रीय जांच एजेंसियां खामोश क्यों हैं।
इस पर पलटवार करते हुए संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी ने राम मंदिर निर्माण का काली पट्टी बांधकर विरोध किया था और आज वही लोग घड़ियाली आंसू बहाकर देश की जनता को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं।



