ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

बिग बॉस 20 में मैरी कॉम के बयान पर बवाल, टीम ने मांगी माफी

मुंबई। पांच बार वर्ल्ड चैंपियन रह चुकीं बॉक्सर मैरी कॉम बिग बॉस 20 में अपने एक बयान को लेकर विवादों में आ गई हैं। शो के हालिया एपिसोड में उन्होंने सानिया मिर्जा और साइना नेहवाल जैसी भारतीय महिला खिलाड़ियों का जिक्र होने के बाद कहा कि उनके जैसा किसी ने कुछ हासिल नहीं किया। एपिसोड प्रसारित होने के बाद सोशल मीडिया पर उनके बयान की आलोचना होने लगी। विवाद बढ़ने पर अब मैरी कॉम की टीम ने आधिकारिक बयान जारी कर माफी मांगी है।

दरअसल, शो में मैरी कॉम कंटेस्टेंट काजी तौकीर से बातचीत कर रही थीं। काजी ने उनसे पूछा कि उनके जितनी बड़ी खिलाड़ी क्या कोई और भी है। बातचीत के दौरान उन्होंने साइना नेहवाल, सानिया मिर्जा और पीटी ऊषा का नाम लिया। इसके जवाब में मैरी कॉम ने अपनी उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि उनके जैसा किसी ने कुछ हासिल नहीं किया। काजी ने मजाकिया अंदाज में उन्हें खड़े होकर सैल्यूट भी किया।

एपिसोड सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर मैरी कॉम को लेकर तरह-तरह की प्रतिक्रियाएं आईं। कुछ यूजर्स ने उनके बयान को घमंड से जोड़कर आलोचना की, जबकि कुछ ने इसे उनका आत्मविश्वास और स्वाभिमान बताया।

टीम ने कहा- किसी एथलीट को कमतर आंकना मकसद नहीं

विवाद बढ़ने के बाद मैरी कॉम की टीम ने बयान जारी करते हुए कहा कि अगर उनके शब्दों को गलत समझा गया है तो वे माफी मांगते हैं। टीम के मुताबिक, किसी दूसरे एथलीट की उपलब्धियों को कमतर आंकने या तुलना करने का कोई इरादा नहीं था। मैरी कॉम भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले सभी खिलाड़ियों का सम्मान करती हैं। टीम ने कहा कि हर खिलाड़ी का सफर अलग होता है और हर उपलब्धि देश के लिए मायने रखती है।

सलमान ने भी कंटेस्टेंट्स की कास्टिंग पर किया कमेंट

बिग बॉस 20 में कंटेस्टेंट्स की कास्टिंग को लेकर भी सोशल मीडिया पर चर्चा है। शो के एक एपिसोड में सलमान खान ने कहा कि कंटेस्टेंट्स को चुनने में काफी सोच-विचार किया गया था, लेकिन कभी-कभी चयन में चूक हो जाती है। उन्होंने कहा कि जो कंटेस्टेंट शो में नजर नहीं आते, उनके लिए यह कहना पर्याप्त नहीं है कि वे गेम में बहुत कुछ कर रहे हैं। अगर उनका कंटेंट प्रसारित करने लायक नहीं है तो दर्शकों तक वह पहुंचता ही नहीं।

इस सीजन में ईशा रिखी, माही विज, आम्रपाली दुबे, अर्शिफा खान, गुल्लू और मैरी कॉम जैसे नामों को लेकर भी अलग-अलग वजहों से चर्चा बनी हुई है। शो की थीम ‘तथास्तु’ है और कंटेस्टेंट्स को दो लाइफ मिलने का फॉर्मेट रखा गया है। माना जा रहा है कि इस बदलाव का मकसद खिलाड़ियों को ज्यादा खुलकर खेलने और शो में विवाद बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित करना है।

Related Articles

Back to top button