मनचले ने की छेड़छाड़, युवती ने विरोध किया तो लगाई आग

रायपुर। रायपुर में छेड़छाड़ का विरोध करना एक युवती को भारी पड़ गया। आरोप है कि छेड़छाड़ से नाराज युवक ने युवती पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। आग की लपटों में घिरी युवती ने मदद के लिए शोर मचाया। उसकी आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह आग बुझाकर उसे अस्पताल पहुंचाया। युवती के शरीर के कई हिस्से झुलस गए हैं और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना माना थाना क्षेत्र की है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान वीरू धीवर के रूप में हुई है। आरोप है कि वह युवती के साथ छेड़छाड़ कर रहा था। युवती ने जब इसका विरोध किया तो दोनों के बीच विवाद हो गया। इसी दौरान आरोपी ने कथित तौर पर पेट्रोल डालकर युवती को आग लगा दी।
घटना के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। माना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। युवती को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टर उसकी हालत पर लगातार नजर रख रहे हैं।
छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास का केस
पुलिस ने पीड़िता के बयान और शुरुआती जांच के आधार पर आरोपी वीरू धीवर के खिलाफ छेड़छाड़ और हत्या के प्रयास की धाराओं में अपराध दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश में उसके संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
CCTV फुटेज से आरोपी की तलाश
पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटनास्थल और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वारदात के समय मौके पर कौन-कौन मौजूद था और घटना के बाद आरोपी किस रास्ते से फरार हुआ।
जांच में यह भी देखा जा रहा है कि आरोपी और पीड़िता के बीच पहले से किसी तरह की जान-पहचान थी या नहीं। पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।




