सूर्या मॉल के सेंशेसन स्पा में शिकायत के बाद जांच; संचालक और युवतियों से भरवाया बाउंड ओवर

भिलाई। भिलाई के सूर्या मॉल स्थित सेंशेसन स्पा सेंटर में अवैध गतिविधियों की शिकायत के बाद पुलिस ने छापेमारी की। पुलिस की जांच में स्पा सेंटर के भीतर किसी तरह का अनैतिक काम होते नहीं मिला।
हालांकि, मौके पर मिली युवतियों और स्पा संचालक से पुलिस ने बाउंड ओवर की कार्रवाई कराई है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यहां किसी तरह की अवैध गतिविधि सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
मॉल प्रबंधन के मुताबिक, जिस हिस्से में स्पा सेंटर संचालित हो रहा है, वह सोल्ड प्रॉपर्टी है। वहां बिजली और पानी की सप्लाई भी बंद कर दी गई है। इसके बावजूद पुलिस की जांच के दौरान स्पा के अंदर युवतियां और अन्य लोग मौजूद मिले। पुलिस ने सभी को बाहर निकाला और पूछताछ की।
जांच के दौरान युवतियों की भूमिका और वहां उनकी मौजूदगी के संबंध में जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने फिलहाल किसी अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं की है। इसके बावजूद भविष्य में ऐसी गतिविधियों में शामिल नहीं होने की हिदायत देते हुए बाउंड ओवर की कार्रवाई की गई।
अवैध गतिविधि मिली तो होगी सख्त कार्रवाई
भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक ने कहा कि शहर में स्पा सेंटर की आड़ में किसी भी तरह के अवैध काम को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। शिकायत मिलने पर ऐसे सेंटरों की जांच और चेकिंग आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि मौजूदा जांच में सेंशेसन स्पा सेंटर में अनैतिक गतिविधि की पुष्टि नहीं हुई है।
यह कार्रवाई एएसपी सिटी शोभराज अग्रवाल के निर्देश पर की गई। टीम में सीएसपी निशांत पाठक, डीएसपी (IUCAW) भारती मरकाम, सुपेला थाना प्रभारी एसएन सिंह और स्मृति नगर चौकी प्रभारी अमित अंडानी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अब स्पा सेंटर की गतिविधियों और वहां मौजूद लोगों से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।





