रायपुर में माता सीता पर कथित आपत्तिजनक पोस्ट से बवाल: बजरंग दल का प्रदर्शन, आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज

रायपुर। राजधानी रायपुर में सोशल मीडिया पर माता सीता और हिंदू साधु-संतों के खिलाफ कथित आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर विवाद खड़ा हो गया।
मामले को लेकर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार शाम सिविल लाइन थाना पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए पुलिस को ज्ञापन सौंपा। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बजरंग दल का आरोप है कि इंस्टाग्राम आईडी “_wasim_ahmed_1” से माता सीता और हिंदू संतों के संबंध में कथित आपत्तिजनक पोस्ट साझा की गई। संगठन का दावा है कि यह अकाउंट रायपुर के राजा तालाब क्षेत्र निवासी वसीम अहमद का है।
हालांकि, पुलिस ने अभी तक इस अकाउंट और संबंधित व्यक्ति की पहचान की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
संगठन का कहना है कि इस पोस्ट से हिंदू समाज की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
कार्यकर्ताओं ने आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि ऐसे मामलों में कठोर कदम उठाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में कोई धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का प्रयास न करे।
छत्तीसगढ़ बजरंग दल के प्रांत सह-संयोजक विजेंद्र वर्मा ने कहा कि हिंदू देवी-देवताओं और संतों के खिलाफ इस तरह की टिप्पणी स्वीकार नहीं की जाएगी।
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 24 घंटे के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो संगठन राज्यव्यापी आंदोलन करेगा।
उधर, रायपुर पुलिस का कहना है कि शिकायत मिलने के बाद संबंधित सोशल मीडिया पोस्ट, इंस्टाग्राम अकाउंट और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की जांच की जा रही है।
जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि पोस्ट किसने की और क्या संबंधित अकाउंट वास्तव में आरोपी का ही है।
पुलिस ने स्पष्ट किया कि उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है।



