हाथी के हमले में ग्रामीण की मौत के बाद बवाल: शव सड़क पर रखकर 4 घंटे से NH जाम, मुआवजा और सरकारी नौकरी की मांग

सूरजपुर। सूजरपुर के प्रतापपुर में हाथी के हमले में ग्रामीण रामलाल की मौत के बाद इलाके में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। घटना से नाराज ग्रामीणों ने मृतक का शव सड़क पर रखकर नेशनल हाईवे (NH) जाम कर दिया। पिछले करीब 4 घंटे से चक्काजाम जारी है। बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद हैं और प्रशासन तथा वन विभाग के खिलाफ नाराजगी जाहिर कर रहे हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि हाथियों के लगातार बढ़ते मूवमेंट के बावजूद लोगों को समय पर इसकी जानकारी नहीं मिल पाती। इससे ग्रामीणों की जान पर खतरा बना हुआ है। रामलाल की मौत के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन के सामने कई मांगें रखी हैं।
मुआवजा और परिवार के सदस्य को नौकरी की मांग
प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों की प्रमुख मांग है कि मृतक के परिवार को तत्काल उचित मुआवजा दिया जाए। इसके साथ ही परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग भी की जा रही है। ग्रामीणों का कहना है कि परिवार के सामने अब आर्थिक संकट खड़ा हो गया है, इसलिए प्रशासन को तत्काल सहायता करनी चाहिए।
इसके अलावा हाथियों के मूवमेंट की सूचना ग्रामीणों तक समय पर पहुंचाने के लिए मजबूत और प्रभावी व्यवस्था बनाने की मांग की गई है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते सूचना मिलने पर लोग सुरक्षित स्थानों पर जा सकते हैं और ऐसे हादसों को रोका जा सकता है।
हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार
चक्काजाम के कारण NH पर दोनों ओर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण डटे हुए हैं और अपनी मांगों पर अड़े हैं। प्रशासन और वन विभाग के अधिकारी ग्रामीणों से बातचीत कर समाधान निकालने का प्रयास कर रहे हैं।
फिलहाल हाईवे पर स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा।





