ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

भाजपा से जुड़े दो पक्ष भिड़े: महिला नेत्री से मारपीट का नया वीडियो वायरल, दोनों पक्षों पर केस

बिलासपुर। रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर के गेट के पास चोरी के पुराने विवाद को लेकर भाजपा से जुड़े दो पक्षों के बीच हुई मारपीट का नया वीडियो सामने आया है।

वीडियो में भाजपा महिला मोर्चा अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ की महामंत्री रेहाना बेगम के साथ मारपीट होती दिखाई दे रही है। एक युवक उनका हाथ मरोड़ता नजर आ रहा है, जबकि एक महिला उनके बाल खींचकर थप्पड़ मारती दिख रही है।

घटना के बाद दोनों पक्षों ने रतनपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले महिला नेत्री का चप्पल से मारने का वीडियो आया था

दो दिन पहले रेहाना बेगम का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें वह बाइक से उतरकर दूसरे पक्ष के एक युवक को चप्पल से मारती दिखाई दे रही थीं। इसके बाद विवाद को लेकर दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर आरोप लगाए।

रेहाना बेगम का आरोप है कि फोन आने के बाद वह मौके पर पहुंची थीं। वहां राजा पटेल, मेघा पटेल, ईश्वर प्रधान और राजू शर्मा ने उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। उनका आरोप है कि राजू शर्मा ने उनका हाथ मरोड़ा और धमकी भी दी।

चोरी के विवाद से शुरू हुआ था मामला

होटल संचालक तुषार पटेल के मुताबिक, करीब एक सप्ताह पहले उनकी दुकान से सामान चोरी हुआ था। चोरी के संबंध में उन्होंने रेहाना बेगम की फूल दुकान पर काम करने वाले करिया उर्फ मनोज से पूछताछ की थी। इसके बाद मोंटी धीवर ने रेहाना को फोन कर मौके पर बुलाया।

आरोप है कि रेहाना के पहुंचने के बाद विवाद बढ़ गया और उन्होंने एक युवक की चप्पल से पिटाई कर दी। वहीं दूसरे पक्ष ने आरोप लगाया कि विवाद शांत कराने पहुंचे परिजनों के साथ भी मारपीट की गई।

पुलिस दोनों वायरल वीडियो और शिकायतों के आधार पर घटनाक्रम की जांच कर रही है। मामले में आरोपों की पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

Related Articles

Back to top button