संतोषी नगर ब्रिज के पास अनियंत्रित होकर नीचे गिरा ट्रक, कार को भी मारी टक्कर; चालक-हेल्पर अस्पताल में भर्ती

रायपुर। राजधानी रायपुर के संतोषी नगर ब्रिज के पास शुक्रवार को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। तेलीबांधा से आमानाका की ओर जा रहा ट्रक तेज रफ्तार के चलते अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गया और करीब 15 फीट नीचे जा गिरा। हादसे में ट्रक ने एक कार को भी टक्कर मार दी। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज गति से चल रहा था। संतोषी नगर ब्रिज के पास चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। ट्रक पहले डिवाइडर से टकराया और फिर नीचे जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रक के चालक और हेल्पर को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे की चपेट में आने से कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि कार में सवार सभी लोग सुरक्षित हैं और किसी को गंभीर चोट नहीं आई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चालक और हेल्पर को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। वहीं, क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने का काम शुरू किया गया। हादसे के कारण संतोषी नगर ब्रिज और आसपास के मार्ग पर कुछ समय तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने यातायात को धीरे-धीरे सामान्य कराया।





