ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

अटल जी को श्रद्धांजलि: CM साय बोले- छत्तीसगढ़ के निर्माण में उनका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा

रायपुर। रायपुर में पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।

मुख्यमंत्री निवास परिसर में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने अटल जी की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उनके व्यक्तित्व, राष्ट्रसेवा और छत्तीसगढ़ के निर्माण में दिए गए ऐतिहासिक योगदान को याद किया।

इस अवसर पर छत्तीसगढ़ गृह निर्माण एवं अधोसंरचना विकास मंडल के अध्यक्ष अनुराग सिंहदेव भी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि करोड़ों लोगों की भावनाओं का सम्मान करने वाले दूरदर्शी नेता थे।

उन्होंने छत्तीसगढ़ राज्य के गठन को अटल जी के दृढ़ संकल्प और संवेदनशील सोच का परिणाम बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अलग राज्य की वर्षों पुरानी मांग को स्वीकार कर अटल जी ने छत्तीसगढ़ को नई पहचान दिलाई।

उनका यह निर्णय प्रदेश के इतिहास में हमेशा स्वर्णाक्षरों में दर्ज रहेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी का छत्तीसगढ़ से विशेष लगाव था। उनका प्रदेश के लोगों के साथ आत्मीय संबंध था।

उन्होंने अटल जी के साथ बिताए अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उन्हें उनका स्नेह, आशीर्वाद और मार्गदर्शन प्राप्त करने का अवसर मिला, जो आज भी उन्हें जनसेवा के लिए प्रेरित करता है।

उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी राजनीति में संवेदनशीलता, संवाद और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रतीक थे।

एक कवि, पत्रकार, ओजस्वी वक्ता और दूरदर्शी राजनेता के रूप में उन्होंने भारतीय राजनीति को नई दिशा दी। उनकी कार्यशैली के कारण उन्हें सभी दलों और वर्गों का सम्मान मिला।

मुख्यमंत्री ने कहा कि अटल जी ने गांव, गरीब, किसान और जनजातीय समाज के उत्थान को विकास का आधार बनाया।

प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना जैसी महत्वाकांक्षी योजनाओं ने ग्रामीण क्षेत्रों के विकास को नई गति दी।

उन्होंने कहा कि वर्तमान राज्य सरकार अटल जी के सुशासन और अंत्योदय के सिद्धांतों को आगे बढ़ाते हुए विकसित और आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए लगातार काम कर रही है।

Related Articles

Back to top button