ChhattisgarhStateNewsदेश - विदेश

स्वतंत्रता दिवस पर CM साय ने राज्यपाल से की मुलाकात: असम बाढ़ पीड़ितों के लिए 5 करोड़ की सहायता राशि सौंपी

रायपुर। रायपुर में 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने लोकभवन पहुंचकर राज्यपाल रमेन डेका से सौजन्य भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। वहीं, राज्यपाल ने भी मुख्यमंत्री को बधाई देते हुए छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और निरंतर विकास की कामना की।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए असम में आई भीषण बाढ़ से प्रभावित लोगों की सहायता के लिए छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से 5 करोड़ रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की। मुख्यमंत्री ने राहत राशि का चेक राज्यपाल रमेन डेका को सौंपा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में छत्तीसगढ़ सरकार असम के लोगों के साथ खड़ी है। उन्होंने कहा कि आपदा के समय राज्यों के बीच सहयोग और समन्वय की भावना ही देश की एकता को मजबूत करती है। यह सहायता राशि असम के बाढ़ प्रभावित परिवारों के राहत और पुनर्वास कार्यों में उपयोग की जाएगी।

राज्यपाल रमेन डेका ने छत्तीसगढ़ सरकार के इस सहयोग के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह सहायता राशि बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए राहत कार्यों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। उन्होंने प्रदेश सरकार की इस पहल को मानवीय मूल्यों का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

गौरतलब है कि असम में लगातार हो रही बारिश के कारण कई जिलों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं और राहत एवं पुनर्वास कार्य जारी हैं। ऐसे समय में छत्तीसगढ़ सरकार की ओर से भेजी गई आर्थिक सहायता को महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

बताया गया कि राज्यपाल रमेन डेका 16 अगस्त को असम के दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरान वे बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा भी लेंगे। मुख्यमंत्री और राज्यपाल के बीच प्रदेश के विकास और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।

Related Articles

Back to top button