StateNewsChhattisgarhछत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में 700 शिक्षकों के ट्रांसफर:शिक्षा विभाग ने अंतिम सूची जारी की

रायपुर। छत्तीसगढ़ में लंबे समय से ट्रांसफर का इंतजार कर रहे शिक्षकों के लिए शिक्षा विभाग ने करीब 700 शिक्षकों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। वहीं करीब 400 शिक्षकों के नाम अंतिम सूची से हटा दिए गए। हालांकि विभाग ने इन नामों को हटाने के अलग-अलग कारणों की जानकारी सार्वजनिक नहीं की है।

जानकारी के मुताबिक, ट्रांसफर के लिए पहले करीब 1600 शिक्षकों की सूची तैयार की गई थी। समीक्षा के बाद इसे घटाकर करीब 1000 नामों की संशोधित सूची बनाई गई। अंतिम जांच में तय नियमों के अनुरूप नहीं पाए गए करीब 400 नाम हटा दिए गए। इसके बाद बची सूची में शामिल लगभग 700 शिक्षकों के तबादले किए गए।

स्कूलों में शिक्षकों की कमी को रखा प्राथमिकता

विभाग ने ट्रांसफर प्रक्रिया में स्कूलों में पढ़ाई प्रभावित नहीं होने देने को प्राथमिकता दी है। जिन स्कूलों में पहले से शिक्षकों की संख्या कम है, वहां से शिक्षकों को हटाने से बचा गया।

सिंगल टीचर वाले स्कूलों, युक्तियुक्तकरण से प्रभावित शिक्षकों और ऐसे शिक्षकों का ट्रांसफर नहीं किया गया, जिनके जाने के बाद स्कूल शिक्षक विहीन हो सकता था। इसके अलावा अधिसूचित क्षेत्र से गैर-अधिसूचित क्षेत्र में ट्रांसफर और अधिक छात्र संख्या वाले स्कूलों में पदस्थ शिक्षकों के मामलों को भी अंतिम सूची में शामिल नहीं किया गया।

आवेदन और सिफारिश के आधार पर तैयार हुई सूची

शिक्षकों के आवेदन और विभिन्न स्तरों से मिली सिफारिशों के आधार पर प्रारंभिक सूची तैयार की गई थी। इसके बाद विभाग ने प्रत्येक मामले की जांच की। कई चरणों की समीक्षा के बाद अंतिम सूची तैयार की गई और करीब 700 शिक्षकों के आदेश जारी हुए हैं।

अगली बार ऑनलाइन ट्रांसफर की तैयारी

मौजूदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद शिक्षा विभाग ट्रांसफर व्यवस्था को ऑनलाइन करने पर विचार कर रहा है। प्रस्ताव लागू होने पर शिक्षक निर्धारित पोर्टल के जरिए खुद ट्रांसफर के लिए आवेदन कर सकेंगे। दस्तावेज ऑनलाइन जमा करने के साथ आवेदन की स्थिति भी ऑनलाइन देखी जा सकेगी।

विभाग दूसरे राज्यों में लागू ऑनलाइन ट्रांसफर सिस्टम का अध्ययन कर रहा है। तकनीकी और प्रशासनिक पहलुओं की समीक्षा के बाद इस पर अंतिम फैसला लिया जाएगा। फिलहाल ट्रांसफर किए गए शिक्षकों को नई पदस्थापना वाले स्कूलों में कार्यभार संभालना होगा।

Related Articles

Back to top button