टूरिज्म बोर्ड अधिकारी से फोन पर सेक्स की डिमांड: व्हाट्सऐप पर न्यूड फोटो भेजी, विरोध पर गालियां; केस दर्ज

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक महिला अधिकारी के साथ अश्लील हरकत का मामला सामने आया है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल में कार्यरत पीड़िता ने अज्ञात युवक के खिलाफ आपत्तिजनक कॉल और व्हाट्सऐप पर नग्न तस्वीरें भेजने की शिकायत दर्ज कराई है। मामले में टिकरापारा थाना पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता को 30 अप्रैल की सुबह एक अज्ञात नंबर से कॉल आया। कॉल करने वाले ने उससे निजी जीवन से जुड़े सवाल पूछे और फोन पर सेक्स की डिमांड की। जब महिला ने इसका विरोध किया, तो आरोपी ने अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गालियां देना शुरू कर दिया।
इसके बाद 4 मई की सुबह फिर उसी नंबर से कॉल और मैसेज आने लगे। इस बार आरोपी ने व्हाट्सऐप के जरिए अपनी अश्लील नग्न तस्वीरें भेजीं, जिससे पीड़िता मानसिक रूप से परेशान हो गई। लगातार मिल रहे आपत्तिजनक कॉल और मैसेज से वह तनाव में आ गई और आखिरकार पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
पीड़िता ने शिकायत में संबंधित मोबाइल नंबर भी पुलिस को सौंपा है। पुलिस अब साइबर सेल की मदद से आरोपी की पहचान करने में जुटी है। शुरुआती जांच में सामने आया है कि आरोपी सोशल मीडिया और मैसेजिंग प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर महिला को टारगेट कर रहा था।
टिकरापारा थाना पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तकनीकी जांच तेज कर दी गई है। जल्द ही आरोपी को ट्रेस कर गिरफ्तार किया जाएगा।





