ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

एक गाय से शुरू किया पशुपालन, अब 10 पशुओं से संवारी जिंदगी

रायपुर। सरगुजा जिले के ग्राम चटीरमा निवासी अगस्तु खाखा ने एक गाय से पशुपालन की शुरुआत की थी। मेहनत, लगन और पशुपालन विभाग के तकनीकी मार्गदर्शन से उनका यह छोटा प्रयास अब 10 पशुओं के पशुधन में बदल चुका है।

वर्तमान में चार दुधारू गायों से उन्हें रोज करीब 30 लीटर दूध मिल रहा है। दूध की बिक्री से होने वाली आय में चारा और देखभाल का खर्च निकालने के बाद उन्हें करीब 15 हजार रुपए प्रतिमाह शुद्ध आय हो रही है।

कृत्रिम गर्भाधान से बढ़ा पशुधन

अगस्तु बताते हैं कि पशुओं की बेहतर देखभाल और नस्ल सुधार के लिए विभाग के अधिकारियों ने उन्हें कृत्रिम गर्भाधान की जानकारी दी। उन्होंने इसे अपनाया, जिसके बाद धीरे-धीरे उनके पशुधन की संख्या बढ़ने लगी। उन्नत नस्ल के पशुओं से दुग्ध उत्पादन के साथ उन्हें अतिरिक्त आमदनी का भी अवसर मिला।

कृत्रिम गर्भाधान से तैयार पशुओं में से चार गाय और दो बछड़ों की बिक्री से अगस्तु अब तक 1.60 लाख रुपए की अतिरिक्त आय अर्जित कर चुके हैं। इससे परिवार की आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है और पशुपालन को आगे बढ़ाने का भरोसा भी बढ़ा है।

आगे पशुधन बढ़ाने की तैयारी

अगस्तु के पशुधन में वर्तमान में दो गर्भित बछियां हैं, जिनसे आने वाले समय में नए बछड़ों के जन्म की उम्मीद है। इसके अलावा तीन छोटी बछियां भी हैं, जो भविष्य में दुग्ध उत्पादन और पशुधन बढ़ाने का आधार बनेंगी।

अगस्तु का कहना है कि विभाग से मिली तकनीकी सलाह, कृत्रिम गर्भाधान की सुविधा और पशुओं की देखभाल संबंधी मार्गदर्शन ने पशुपालन को उनके लिए अधिक लाभकारी बनाया है। अब वे पशुओं की संख्या बढ़ाकर परिवार की आय को और मजबूत करने की तैयारी कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button