StateNewsदेश - विदेशमनोरंजन

टाइगर श्रॉफ फायरिंग केस: टीवी पर चेहरे दिखे तो हैंडलर ने शूटर्स को भागने कहा

सलमान खान को ‘असली टाइगर’ बताने से नाराज था लॉरेंस गैंग, आरोपी का दावा; बाइक, कैब और ट्रेन बदलकर भागे थे शूटर्स

दिल्ली। मुंबई में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में जांच के दौरान नए खुलासे सामने आए हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वारदात के बाद भी शूटर्स को बाहर से मदद मिल रही थी। एक व्यक्ति टीवी न्यूज देखकर पुलिस की जांच से जुड़ी जानकारी उन्हें दे रहा था। जब न्यूज में शूटर रेहान का चेहरा दिखा, तो उसे मैसेज भेजा गया कि चेहरे सामने आ गए हैं, यहां से निकल जाओ।

आरोपियों को यह भी बताया गया कि पुलिस को उनकी बाइक मिल गई है और ट्रेन से भागने की योजना का पता चल गया है। इसके बाद उन्होंने अपना रास्ता बदल लिया। 18 अक्टूबर को जुहू इलाके में टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई थी।

बाइक छोड़कर कैब से पहुंचे सूरत

पुलिस सूत्रों के मुताबिक, वारदात के बाद आरोपी बाइक से मुंबई से बाहर निकलना चाहते थे। बाद में उन्होंने अंधेरी में बाइक छोड़ दी और बोरीवली से कैब लेकर सूरत पहुंचे। वहां से बस से जाने की योजना थी, लेकिन देरी होने पर उन्होंने जयपुर जाने वाली ट्रेन पकड़ ली। मुंबई पुलिस की सूचना पर राजस्थान पुलिस ने 19 अक्टूबर को कोटा स्टेशन से तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया।

जांच में कैब ड्राइवर को किए गए सामान्य मोबाइल कॉल से पुलिस को आरोपियों के सूरत पहुंचने का सुराग मिला। बताया गया कि आरोपी हैंडलर्स से इंटरनेट के जरिए वॉयस कॉल पर बात कर रहे थे।

सलमान की तारीफ से नाराजगी का दावा

‘टाइम्स ऑफ इंडिया’ की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी फूल सिंह ने पूछताछ में दावा किया कि टाइगर श्रॉफ को निशाना बनाने की वजह सलमान खान की तारीफ करना था। आरोपी के अनुसार, 2022 में फिल्म ‘हीरोपंती 2’ के प्रमोशन के दौरान टाइगर ने सलमान को इंडस्ट्री का असली टाइगर बताया था।

आरोपी ने दावा किया कि इससे लॉरेंस गैंग नाराज था और बदला लेना चाहता था। हालांकि, हैंडलर की पहचान और फायरिंग के पीछे की वजह की पुलिस जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button