भाभी से विवाद के बाद 2 साल की भतीजी को जलते चूल्हे में डाला

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पारिवारिक विवाद के दौरान एक चाचा ने अपनी 2 साल की भतीजी को जलते लकड़ी के चूल्हे में बैठा दिया। बच्ची गंभीर रूप से झुलस गई। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना कोनी थाना क्षेत्र के घुटकू गांव की है। पुलिस ने आरोपी चाचा नितिन कुमार लोनिया को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के मुताबिक आरोपी का अपनी भाभी अंकिता से प्रेम संबंध था। 26 अगस्त को अंकिता अपनी दो साल की बेटी परमेश्वरी को लेकर नितिन के साथ घर से चली गई थी। काफी तलाश के बाद भी तीनों का पता नहीं चला तो बच्ची के नाना ने कोनी थाने में शिकायत दर्ज कराई। जांच के दौरान पुलिस को उनके बारे में जानकारी मिली।
7 सितंबर को गांव लौटे थे तीनों
पुलिस के अनुसार नितिन, अंकिता और बच्ची 7 सितंबर को घुटकू लौट आए। इसके अगले दिन नितिन का अपने बड़े भाई सुधीर से विवाद हुआ। बाद में किसी बात को लेकर उसका भाभी अंकिता से भी झगड़ा हो गया।
विवाद और मारपीट की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामला शांत कराया। इसी दौरान पुलिस को पता चला कि नितिन ने अपनी दो साल की भतीजी को जलते चूल्हे में बैठा दिया है। बच्ची बुरी तरह झुलस गई थी। पुलिस ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा था।
इलाज के दौरान बच्ची ने दम तोड़ा
चिकित्सकों की निगरानी में बच्ची का इलाज किया जा रहा था, लेकिन देर रात उसने दम तोड़ दिया। बच्ची की मौत के बाद पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू की।
इस मामले में शुरुआत में बच्ची और उसकी मां के घर से चले जाने पर गुमशुदगी की शिकायत हुई थी। जांच के बाद अपहरण का केस दर्ज कर तलाश की जा रही थी। दोनों के वापस लौटने के बाद पारिवारिक विवाद हुआ और बच्ची के झुलसने की घटना सामने आई।
पुलिस ने अब आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। मामले की आगे जांच जारी है।





