ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

पीएम सूर्यघर योजना से होसीलाल साहू के घर आया रोशनी और बचत का उजाला

हर महीने 4 से 5 हजार रुपए के बिजली बिल से मिली राहत, 1.08 लाख रुपए की सब्सिडी से आसान हुई सौर ऊर्जा की राह

रायपुर। हर महीने 4 से 5 हजार रुपए का बिजली बिल चुकाना राजनांदगांव जिले के छुरिया विकासखंड के ग्राम कल्लूटोला निवासी होसीलाल साहू के परिवार के लिए आर्थिक चुनौती था। घरेलू जरूरतों के बीच बिजली बिल पर बड़ी राशि खर्च हो जाती थी।

अब घर की छत पर लगे सौर ऊर्जा संयंत्र ने उनकी इस चिंता को काफी हद तक कम कर दिया है। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना के तहत मिले लाभ से उनका परिवार बिजली खर्च में राहत के साथ स्वच्छ ऊर्जा की ओर भी बढ़ा है।

सूर्यसभा से मिली योजना की जानकारी

होसीलाल साहू बताते हैं कि पहले उनके घर का मासिक बिजली बिल करीब 4 से 5 हजार रुपए आता था। इसी दौरान पंचायत में आयोजित सूर्यसभा के माध्यम से उन्हें प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की जानकारी मिली।

योजना के तहत मिलने वाली सब्सिडी और सौर ऊर्जा से होने वाली बचत के बारे में जानने के बाद उन्होंने घर की छत पर सौर संयंत्र लगवाने का निर्णय लिया।

सौर संयंत्र स्थापित कराने के लिए उन्हें केंद्र सरकार से 78 हजार रुपए और राज्य सरकार से 30 हजार रुपए की सब्सिडी मिली। इस तरह कुल 1 लाख 8 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्राप्त हुई। सब्सिडी मिलने से उनके लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगवाना आसान हो गया।

बिजली खर्च घटा, बजट को राहत

सौर संयंत्र लगने के बाद परिवार के बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी आई है। पहले हर महीने हजारों रुपए के बिजली बिल की चिंता रहती थी, लेकिन अब उस राशि का उपयोग परिवार की अन्य जरूरतों और बचत के लिए किया जा सकता है।

होसीलाल साहू ने योजना का लाभ मिलने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि योजना ने उनके परिवार को आर्थिक राहत देने के साथ स्वच्छ ऊर्जा अपनाने का अवसर दिया है। घर की छत पर लगा सौर संयंत्र अब उनके लिए बिजली उत्पादन के साथ बचत और आत्मनिर्भरता का माध्यम बन गया है।

Related Articles

Back to top button