ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

जैगूर में गूंजा ‘मन की बात’ का संदेश: PM मोदी को सुनने उमड़ा जनसैलाब; मंत्री केदार कश्यप ने बांटे वनाधिकार पत्र

बीजापुर। जिले के भैरमगढ़ विकासखंड के अंदरूनी क्षेत्र ग्राम पंचायत दरभा के जैगूर गांव में रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मन की बात’ के 136वें संस्करण का सामूहिक श्रवण किया गया। प्रधानमंत्री का संदेश सुनने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीण जुटे। कार्यक्रम में राष्ट्रभक्ति, जनभागीदारी, पर्यावरण संरक्षण और विकास का संदेश देखने को मिला।

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन की शुरुआत कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर शहीदों को श्रद्धांजलि देकर की। उन्होंने सैनिकों के शौर्य और बलिदान को नमन करते हुए आत्मनिर्भर भारत, स्वदेशी रक्षा उत्पादन और जनभागीदारी पर जोर दिया। प्रधानमंत्री ने पर्यावरण संरक्षण के लिए ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। युवाओं में नवाचार और वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने की बात कही। साथ ही छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में हो रहे जल संरक्षण कार्यों की सराहना की।

6 हितग्राहियों को मिले वनाधिकार पत्र

कार्यक्रम में वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री और बीजापुर जिले के प्रभारी मंत्री केदार कश्यप ने 6 हितग्राहियों को व्यक्तिगत वनाधिकार पत्र वितरित किए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सामूहिक जिम्मेदारी है। वनाधिकार पत्र मिलने से हितग्राहियों को अपनी भूमि पर वैधानिक अधिकार मिला।

NEET-2026 में सफल विद्यार्थियों का सम्मान

मंत्री कश्यप ने NEET-2026 में सफलता हासिल करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित कर उनका उत्साह बढ़ाया। उन्होंने युवाओं को शिक्षा और मेहनत के जरिए आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

‘हर घर तिरंगा’ अभियान का शुभारंभ

मंत्री ने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान की शुरुआत करते हुए ग्रामीणों को राष्ट्रीय ध्वज भेंट किया। इसके साथ ही ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधारोपण किया और लोगों से पौधों की नियमित देखभाल करने की अपील की।

कार्यक्रम में पूर्व मंत्री महेश गागड़ा, जिला पंचायत अध्यक्ष जानकी कोरसा, जिला पंचायत सदस्य मैथियस कुजूर समेत जनप्रतिनिधि, ग्रामीण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। कार्यक्रम राष्ट्रभक्ति, पर्यावरण संरक्षण और विकसित भारत के संकल्प के साथ संपन्न हुआ।

Related Articles

Back to top button