StateNewsकमर्शियलदेश - विदेश

सेंसेक्स में 500 अंक से ज्यादा की तेजी: 76,600 के पार कारोबार; निफ्टी भी 150 अंक चढ़ा, FMCG-IT शेयरों में खरीदारी

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में सोमवार, 27 जुलाई को जोरदार तेजी देखने को मिल रही है। सेंसेक्स 500 अंक से ज्यादा चढ़कर 76,600 के स्तर पर कारोबार कर रहा है। वहीं निफ्टी में भी करीब 150 अंकों की बढ़त है और यह 23,950 के आसपास कारोबार कर रहा है। बाजार में FMCG, IT और मीडिया सेक्टर के शेयरों में ज्यादा खरीदारी देखने को मिल रही है।

ब्रेंट क्रूड 93 डॉलर पर आया

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में भी गिरावट आई है। ब्रेंट क्रूड करीब 4% फिसलकर 93 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया है। अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच तनाव कम होने की उम्मीदों के चलते तेल की कीमतों पर दबाव बना है।

हालांकि बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर इन देशों के बीच तनाव दोबारा बढ़ता है, तो कच्चे तेल की कीमतें 120 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच सकती हैं। इसका असर भारत में पेट्रोल और डीजल की कीमतों पर भी पड़ सकता है।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार

सोमवार को एशियाई बाजारों में मिला-जुला कारोबार देखने को मिला। दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.88% गिरा, जबकि जापान का निक्केई 0.24% और हांगकांग का हैंगसेंग 0.81% चढ़ा।

इससे पहले 24 जुलाई को अमेरिकी बाजार भी मिला-जुला रहा था। डाउ जोंस 236 अंक बढ़कर 51,947 पर बंद हुआ, जबकि नैस्डैक 162 अंक गिरा। S&P 500 में मामूली 4 अंकों की तेजी रही।

FII ने 7 दिन में ₹3,289 करोड़ के शेयर बेचे

विदेशी निवेशकों ने पिछले 7 दिनों में भारतीय बाजार से ₹3,893 करोड़ की निकासी की है।

वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) ने इस दौरान ₹7,326 करोड़ के शेयर खरीदे। पिछले 30 दिनों में FII की बिकवाली ₹15,636 करोड़ रही, जबकि DII ने ₹39,355 करोड़ की खरीदारी की। इससे पहले 24 जुलाई को सेंसेक्स 331 अंक गिरकर 76,059 और निफ्टी 102 अंक टूटकर 23,767 पर बंद हुआ था।

Related Articles

Back to top button