ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

कच्ची झोपड़ी से पक्के घर तक का सपना साकार,CM विष्णुदेव साय ने ईंट जोड़कर किया श्रमदान

रायपुर। सीएम विष्णुदेव साय ने जशपुर जिले के दौरे के दौरान एक संवेदनशील और प्रेरणादायक पहल करते हुए प्रधानमंत्री आवास योजना के निर्माण कार्य में खुद श्रमदान किया। मुख्यमंत्री विकासखंड पत्थलगांव के ग्राम भैंसामुड़ा पहुंचे, जहां उन्होंने निर्माणाधीन पीएम आवास का औचक निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री का काफिला गांव से गुजर रहा था, तभी उनकी नजर हितग्राही अनुसुइया पैंकरा के बन रहे पक्के मकान पर पड़ी। वे तुरंत वाहन से उतरकर निर्माण स्थल पहुंचे और काम का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने वहां काम कर रहे श्रमिकों से बातचीत की और उनके प्रयासों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने खुद करणी और सीमेंट गारा लेकर ईंट जोड़कर निर्माण कार्य में भागीदारी निभाई। मुख्यमंत्री को अपने हाथों से श्रमदान करते देख ग्रामीण भावुक हो गए। गांव में उत्साह का माहौल बन गया और लोगों ने मुख्यमंत्री की सादगी और आत्मीयता की जमकर सराहना की।

हितग्राही अनुसुइया पैंकरा ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनका वर्षों पुराना सपना अब पूरा हो रहा है। उन्होंने बताया कि पहले वे कच्ची झोपड़ी में रहती थीं, लेकिन प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत अब उन्हें पक्का घर मिल रहा है, जिससे परिवार को सुरक्षित जीवन मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद राजमिस्त्री सूक मोहन चक्रेश से भी बातचीत की। उन्होंने श्रमिकों की मजदूरी, रोजगार और परिवार की स्थिति की जानकारी ली तथा शासन की योजनाओं का लाभ लेने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की इस पहल को ग्रामीणों ने जनहित और संवेदनशील प्रशासन का उदाहरण बताया। इस दौरान पत्थलगांव विधायक गोमती साय, कलेक्टर रोहित व्यास, एसएसपी लाल उमेद सिंह, डीएफओ शशि कुमार सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button