ChhattisgarhStateNewsछत्तीसगढ़

सीएम ने मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान, बोले- समर्पण, अनुशासन-मेहनत से हर लक्ष्य हासिल कर सकते

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने गुरुवार को सक्ती जिला कार्यालय में आयोजित मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह में राज्य और जिला स्तर पर बोर्ड परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं का सम्मान किया। उन्होंने विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह भेंट कर उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं और उन्हें बड़े लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने के लिए प्रेरित किया।

मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों से आत्मीय संवाद करते हुए उनके भविष्य के लक्ष्य और करियर की योजनाओं के बारे में जानकारी ली। इस दौरान विद्यार्थियों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक, चार्टर्ड अकाउंटेंट, डॉक्टर और अन्य क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा जताई। मुख्यमंत्री ने उनके आत्मविश्वास और ऊंचे सपनों की सराहना करते हुए कहा कि समर्पण, अनुशासन, निरंतर अध्ययन और कठिन परिश्रम सफलता की सबसे बड़ी कुंजी हैं। उन्होंने कहा कि जो विद्यार्थी लक्ष्य तय कर पूरी निष्ठा से प्रयास करते हैं, वे निश्चित रूप से सफलता प्राप्त करते हैं।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि राज्य सरकार गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक संसाधनों और विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए लगातार काम कर रही है। सरकार का उद्देश्य है कि छत्तीसगढ़ का हर विद्यार्थी अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़े और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों, सामाजिक जिम्मेदारी और राष्ट्रसेवा की भावना को भी जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित विद्यार्थी केवल अपने परिवार ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश का गौरव हैं। उनकी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित करेंगी और शिक्षा के क्षेत्र में सकारात्मक माहौल तैयार करेंगी।

समारोह में प्रभारी मंत्री गुरु खुशवंत साहब, सांसद कमलेश जांगड़े, कलेक्टर अमृत विकास तोपनो, पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button