MP-राजस्थान में तापमान 35°C के पार: मार्च में 40°C तक जा सकता है; पंजाब-हरियाणा में पारा 32°C के ऊपर

नई दिल्ली। मार्च की शुरुआत के साथ ही देश के कई राज्यों में गर्मी ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं।
मध्य प्रदेश और राजस्थान में दिन का तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है, जबकि मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि मार्च के दौरान ही तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है। वहीं पंजाब, हरियाणा और छत्तीसगढ़ में भी गर्मी का असर साफ नजर आ रहा है। उत्तराखंड के मैदानी इलाकों में भी तापमान तेजी से बढ़ रहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में रविवार को खरगोन में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश के अधिकांश जिलों में तापमान 30 डिग्री से ऊपर रहा।
अगले चार दिनों में दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। मार्च के पहले सप्ताह में हल्की बारिश हो सकती है, लेकिन दूसरे सप्ताह से गर्मी और तेज हो जाएगी। रातें भी पहले से ज्यादा गर्म रहने की संभावना है।
राजस्थान के बाड़मेर में अधिकतम तापमान 36.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 23 डिग्री रहा। सीकर में भी दिन का तापमान 35.5 डिग्री तक पहुंच गया। राज्य के अधिकांश शहरों में न्यूनतम तापमान सामान्य से 2 से 7 डिग्री अधिक रिकॉर्ड किया गया है।
पंजाब और हरियाणा में भी पारा 32 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। फरीदकोट और बठिंडा में 32.3 डिग्री, जबकि हरियाणा के गुरुग्राम, नूंह और भिवानी में तापमान 32 से 33 डिग्री के बीच दर्ज किया गया। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी तापमान 35.4 डिग्री तक पहुंच गया है।
उधर, उत्तराखंड में देहरादून का तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पहाड़ी इलाकों में मौसम साफ है, जबकि कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में गर्मी का असर और तेज होगा, जिससे लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।





